असम में बारिश के बाद बाढ़ से हाहाकार..! 20 जिलों में 1.97 लाख लोग प्रभावित


स्टोरी हाइलाइट्स

असम में लगातार हो रही बारिश के कारण 20 जिलों की लगभग 1.97 लाख आबादी प्रभावित हुई है. पहाड़ी क्षेत्र दीमा हसाओ जिले में भूस्खलन से रेल और सड़क लिंक टूट गया है.

असम में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के करीब 20 जिलों में 1.97 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम और पड़ोसी राज्यों- मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से नदियों में पानी का स्तर बढ़ने के कारण और लगातार बारिश से कोपिली नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिसके बाद से ही असम बाढ़ से प्रभावित है। 

रेलवे स्टेशन के अंदर पानी ही पानी- 

असम में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दीमा हसाओ जिले का हफलोंग स्टेशन पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। बाढ़ वाले स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे बाढ़ के पानी के कारण स्टेशन पर ट्रेन पटरी से उतर गईं।

कच्छली में 51,357 लोग प्रभावित-

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अकेले कच्छल में 51,357 लोग प्रभावित हुए है। बाढ़ ने 46 राजस्व संभागों के 652 गांवों को प्रभावित किया और 16,645.61 हेक्टेयर फसल भूमि को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया।

बाढ़ के हालात, हर तरफ़ पानी-

असम में लगातार हो रही बारिश से राज्य के विभिन्न हिस्सों से बाढ़ की चिंताजनक तस्वीरें सामने आई हैं। असम के नगांव में बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति है। नगांव के कामपुर के कई इलाकों में बारिश के बाद हर तरफ पानी ही पानी नज़र आ रहा है।

राहत-बचाव कार्य जारी-

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मदद के लिए, राज्य सरकार ने भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और आपातकालीन सेवाओं, एसडीआरएफ को तैनात किया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को राहत शिविरों में भेजा जा रहा है। साथ ही खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की जा रही है।