बरगी क्रूज हादसा: 9 शव मिले, 9 से ज्यादा अभी भी लापता, सेना ने संभाला रेस्क्यू मोर्चा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

 24 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, 9 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं, बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे..!!

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया। अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। 24 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, 9 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे।

हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ। बरगी सिटी सीएसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि शुरूआती रेस्क्यू में कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम से राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह फिर से रेस्क्यू जारी है।

सेना और स्पेशल टीमों ने संभाला मोर्चा

हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ अब राष्ट्रीय स्तर की टीमें भी तैनात की गई हैं। आर्मी भी मौके पर मौजूद है। हैदराबाद से एक स्पेशल टीम और हेलिकॉप्टर रवाना किया गया है। कोलकाता से पैरामिलिट्री की एक विशेष टीम जबलपुर पहुंच चुकी है। हाइड्रॉलिक मशीनों और पोकलेन की मदद से 20 फीट गहरे पानी में फंसे क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश जारी है।

खमरिया के एक परिवार के 15 लोग थे सवार

आयुध निमार्णी खमरिया के अ3 सेक्शन में कार्यरत कर्मचारी कामराज आर्य परिवार के 15 लोगों के साथ घूमने गए थे। कामराज के माता-पिता भी साथ में थे, लेकिन वह डैम के किनारे बैठे हुए थे। कामराज के साथ उनकी पत्नी, भाभी और बच्चे क्रूज में घूमने गए हुए थे। कामराज मूलत: कर्नाटक के रहने वाले हैं। कामराज के एक बेटे को बचा लिया गया है। वहीं कामराज, उनकी पत्नी और बेटा अब भी लापता है।

20 साल पुराना है क्रूज

पर्यटन विभाग के अधिकारी योगेंद्र रिछारिया ने बताया कि बरगी डैम में एक क्रूज संचालित किया जा रहा है। इसका निर्माण 2006 में किया गया था। इसकी क्षमता 60 यात्रियों की है। वहीं दूसरा क्रूज खराब है।

11 लोग बिना टिकट सवार थे

मध्यप्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज तेज आंधी में पलट गया। पुलिस के मुताबिक अब तक 6 लोगों के शव मिल गए हैं। वहीं कलेक्टर ने कहा कि 4 शव मिले हैं। 22 को सुरक्षित बचा लिया गया है। 15 से ज्यादा अब भी लापता हैं। पुलिस के मुताबिक एमपी टूरिज्म के क्रूज में 40 से 45 लोग सवार थे। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक इनमें से 11 लोग बिना टिकट सवार थे और किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहना था।