मध्यप्रदेश की राजनीति में यशोधरा राजे की री-एंट्री की हलचल..!


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

लंबे समय से अपेक्षाकृत शांत राजनीतिक उपस्थिति के बाद यशोधरा राजे सिंधिया की संभावित सक्रिय वापसी ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है, सवाल सिर्फ उनकी वापसी का नहीं, बल्कि उनकी भूमिका का है और यही अनिश्चितता इस पूरे घटनाक्रम को और दिलचस्प बना रही है..!!

मध्यप्रदेश की राजनीति एक बार फिर करवट लेने को तैयार दिखाई दे रही है। लंबे समय से अपेक्षाकृत शांत राजनीतिक उपस्थिति के बाद यशोधरा राजे सिंधिया की संभावित सक्रिय वापसी ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सवाल सिर्फ उनकी वापसी का नहीं, बल्कि उनकी भूमिका का है और यही अनिश्चितता इस पूरे घटनाक्रम को और दिलचस्प बना रही है।

प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत पहचान रखने वाली, संगठन और सरकार दोनों में अपनी अलग कार्यशैली के लिए जानी जाने वाली यशोधरा राजे सिंधिया यदि पुनः सक्रिय होती हैं, तो इसका असर सिर्फ उनके गृह क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर पड़ेगा। माना जा रहा है कि पार्टी के भीतर उन्हें लेकर गंभीर मंथन चल रहा है।

कयासों का बाजार गर्म है। एक धड़ा मानता है कि पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजकर केंद्र की राजनीति में सक्रिय कर सकती है। ऐसे में यह भी संभावनाएं जताई जा रही हैं कि उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है जहां उनका प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ पार्टी के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

वहीं, दूसरी ओर यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी देकर आगामी चुनावी रणनीति में अहम भूमिका दे सकती है। खासकर महिला नेतृत्व को मजबूत करने और बुंदेलखंड-ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पकड़ मजबूत करने के लिए उनका उपयोग किया जा सकता है।हालांकि एक धड़ा इसे परिवार के बीच बर्चस्व की जंग में खीचतान को बाधक भी मानकर चल रहा है किन्तु फिलहाल तक इसकी संभावना के प्रमाण सामने नही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की सक्रियता के बीच, सिंधिया परिवार की एक और वरिष्ठ सदस्य की वापसी भाजपा के लिए संतुलन और प्रभाव दोनों का काम कर सकती है। यह पार्टी के अंदर शक्ति-संतुलन के समीकरणों को भी नया रूप दे सकता है।

हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक संकेत नहीं आया है, लेकिन जिस तरह से चर्चाएं तेज हुई हैं, उससे यह साफ है कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।इसके अलावा स्थानीय स्तर पर इस खबर से उथल पुथल मचना शुरू हो गयी है। विपरीत समय मे चेहरे बदलने वाले लोगो की जहाँ सांसे थम गई है वही निष्ठावान समर्थको को यह खबर सुकून दे रही है।
अब देखना यह होगा कि यह वापसी केवल अटकलों तक सीमित रहती है या फिर यशोधरा राजे सिंधिया एक बार फिर सक्रिय भूमिका में उतरकर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देती हैं।