MP NEWS: सिंगरौली के वैढ़न में शुक्रवार दोपहर हथियारबंद 5 डकैतों द्वारा बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप है। मप्र के डीजीपी कैलाश मकवाना खुद सिंगरौली पहुंच चुके हैं और आज पुलिस अधिकारियों की बैठक ले रहे हैं।
बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस के कई आला अधिकारी मौके पर पहुुंच चुके हैं। आई जी गौरव राजपूत, डीजीपी हेमन्त चौहान सहित कई अधिकारी रात से मौके पर हैं और इस लूट का पर्दाफाश करने के प्रयासों में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि डीजीपी की मीटिंग के बाद कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो सकती है।
शुक्रवार को बदमाश बैंक में घुसे और 20 मिनट में 20 लाख रुपए नकद व 10 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का सोना लेकर फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार, पांचों डकैत ने स्टाफ व ग्राहकों को रिवॉल्वर की नोक पर बंधक बनाया।
एक बदमाश ने फायरिंग की। विरोध करने पर ग्राहक से मारपीट कर घायल कर दिया। इससे बैंक में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने सिंगरौली में नाकेबंदी कर दी है। छग और उप्र पुलिस से जांच में सहयोग मांगा है। लूटे गए सोने के एवज में बैंक ने करीब 5.40 करोड़ रुपए का लोन दिया था, जिससे सोने की कुल कीमत लगभग 10 करोड़ आंकी गई है।
मैनेजर को धमकी- पैनिक बटन दबाया तो मार देंगे
बदमाशों ने सबसे पहले महिला बैंक मैनेजर को निशाना बनाया। रिवॉल्वर अड़ाकर चाबियां लीं। लॉकर व कैश पेटी से सोना-नकदी बैग में भर ली। जाते समय धमकी दी कि अंबिकापुर स्थित उनके घर पर नजर है, पैनिक बटन दबाया तो जान से मार देंगे।
पुराण डेस्क