एमपी के 20 जिलों में आज लू का अलर्ट, स्कूलों का बदला टाइम


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

20 जिलों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है..!!

मध्य प्रदेश में इन दिनों गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। शुक्रवार को 20 जिलों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।   इनमें रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। वहीं, 19-20 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं।

उधर, अनूपपुर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय सुबह 7 से दोपहर 12 तक कर दिया गया है। डिंडौरी में भी नर्सरी से 8वीं तक के सभी स्कूल सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही लगाए जाएंगे। इससे पहले गुरुवार को नर्मदापुरम का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सीजन का सबसे ज्यादा है। वहीं, रतलाम, धार, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में लू जैसे हालात रहे।

Image

नर्मदापुरम के बाद रतलाम दूसरा सबसे गर्म शहर रहा, यहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। दमोह-मंडला में 42 डिग्री, शाजापुर में 41.8 डिग्री, गुना में 41.7 डिग्री, मलाजखंड, टीकमगढ़-छिंदवाड़ा में 41.5 डिग्री, उमरिया-श्योपुर में 41.4 डिग्री, धार-खजुराहो में 41 डिग्री, सतना में 40.9 डिग्री, खरगोन में 40.8 डिग्री, सागर में 40.7 डिग्री, दतिया-सीधी में 40.6 डिग्री, खंडवा-बैतूल में 40.5 डिग्री, सिवनी-रीवा में 40.4 डिग्री और नौगांव में पारा 40.2 डिग्री सेल्सियस पारा रहा।

अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में गर्मी का ट्रेंड

मौसम विभाग के अनुसार, जिस तरह दिसंबर-जनवरी में सर्दी और जुलाई-अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश होती है, उसी तरह गर्मी के दो प्रमुख महीने अप्रैल और मई हैं। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तेज गर्मी पड़ती है।

गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीयें और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।