देशभर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत और राजधानी दिल्ली लगातार ठंड की चपेट में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के 21 से 25 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके चलते 21 तारीख की सुबह पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। इसके 23 से 25 जनवरी तक बढ़ने की उम्मीद है।
इसके अलावा, 23 और 25 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं से लोगों की परेशानी बढ़ेगी। हालांकि, इससे लोगों को प्रदूषण और ठंड से आंशिक राहत मिलेगी।
राजधानी दिल्ली कड़ाके की ठंड-
दिल्ली की बात करें तो यहां लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। कई बेघर दिल्लीवासी शिकायत कर रहे हैं कि उन्हें अधिकारियों से ज्यादा मदद नहीं मिली है। मिंटो रोड के लोगों का कहना है कि सरकार से कोई मदद नहीं मिलने के कारण ठंड से बचने के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है।
कोहरे के कारण सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों को हो रही है। भारतीय रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण उत्तर रेलवे जोन में 6 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कश्मीर की बात करें तो ऊपरी इलाकों में लगातार भारी बर्फबारी हो रही है। हालांकि आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर से राहत मिलेगी।