भोपाल: मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर ने महिला एवं बाल विकास विभाग भोपाल को जिला दहेज प्रतिषेध अधिकारियों की सूची सौंप दी है। ज्यादातर जिला अधिकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लोग हैं। राज्य में कुल 55 जिले हैं परन्तु 51 जिलों में नियुक्त जिला दहेज प्रतिषेध अधिकारियों की सूची दी गई है तथा शेष 4 नवगठित जिलों के नाम न देते हुये उनमें नियुक्त जिला अधिकारीनिर्धारित किये गये हैं। उल्लेखनीय है कि मप्र में जिला दहेज प्रतिषेध अधिकारियों की नियुक्ति दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 8-बी और मप्र दहेज निषेध नियम, 2004 के अंतर्गत की जाती है।
इन अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य राज्य में दहेज की प्रथा को रोकना, पीडि़तों को न्याय दिलाना और कानून का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। ये अधिकारी दहेज के लेन-देन को रोकने और इसके प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य भी करते हैं। साथ ही वे दहेज की मांग से संबंधित मामलों की जांच करते हैं, सबूत जुटाते हैं और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करते हैं।
ये अधिकारी यह भी सुनिश्चित करते हैं कि विवाह में दिए गए उपहार कानून के अनुसार हों और दहेज की श्रेणी में न आएं। जबलपुर में बीडी दीक्षित मोबाइल नंबर 8770089519, सतना में मोहम्मद जीलानी मोबाइल नंबर 7898336699, सिंगरौली में अमित शर्मा मोबाइल नंबर 8962743188, छतरपुर में
वीरेन्द्र कुमार चढार मोबाइल नंबर 9425091587 तथा छिन्दवाड़ा में विजय कुमार खोबरागड़े मोबाइल नंबर 9424937480 नियुक्त किये गये हैं।
डॉ. नवीन आनंद जोशी