कांग्रेस स्थापना दिवस: खड़गे ने पार्टी मुख्यालय में फहराया झंडा, नागपुर में मेगा शो


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

139वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस आरएसएस के गढ़ में करेगी लोकसभा चुनाव का शंखनाद..!!

कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को  AICC में ध्वजारोहण किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, सांसद राजीव शुक्ला, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य पार्टी  नेताओं के मौजूदगी में ध्वज फहराया।  

इस मौके पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने सन्देश में लिखा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य जन-कल्याण और भारत के लोगों की उन्नति है। हम संसदीय लोकतंत्र पर आधारित ऐसे भारत में विश्वास रखते हैं जिसमें समानता हो, बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए अवसर हो और संविधान में रचे-बसे राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों का पालन हो।

खड़गे ने आगे लिखा कि हमें गर्व है कि पिछले 138 वर्षों से हम पूरी ईमानदारी के साथ ऐसे भारत के निर्माण में संघर्षरत हैं।  कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर मेरी ओर से हर एक भारतीय को हार्दिक शुभकामनाएँ।

दूसरी ओर कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर आज नागपुर में मेगा रैली का आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नागपुर में जुट रहे हैं। पार्टी नागपुर में होने वाली विशाल रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी है। रैली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता हिस्सा लेंगे।

पार्टी आरएसएस के गढ़ नागपुर में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद करने और अपनी ताकत दिखाने के लिए एक मेगा रैली करेगी। पार्टी ने महारैली के लिए 'तैयार हैं हम' का नारा भी दिया है। रैली के बाद खड़गे महासचिवों और राज्य प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। जिसमें लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।