दिल्ली-बडगाम के बीच कल से चलेगी पार्सल ट्रेन, जानिए क्या होगा फायदा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

रेलवे के मुताबिक, ये सेवा फिलहाल 31 मई तक ट्रायल बेसिस पर नियमित रूप से संचालित की जाएगी, इसके बाद यात्रियों और व्यापारियों की मांग तथा उपयोग के आधार पर इसे स्थायी सेवा के रूप में शामिल किया जा सकता है..!!

जम्मू डिवीजन की नॉर्दर्न रेलवे ने बुधवार को कहा कि 17 अप्रैल से नई दिल्ली के आदर्श नगर और कश्मीर के बडगाम के बीच जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के मुताबिक, ये सेवा फिलहाल 31 मई तक ट्रायल बेसिस पर नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इसके बाद यात्रियों और व्यापारियों की मांग तथा उपयोग के आधार पर इसे स्थायी सेवा के रूप में शामिल किया जा सकता है।

ट्रेन नंबर 00462 बडगाम से सुबह 6:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे दिल्ली के आदर्श नगर पहुंचेगी। रास्ते में लोडिंग और अनलोडिंग की सुविधा के लिए यह ट्रेन बाड़ी ब्राह्मणा और अंबाला कैंट स्टेशन पर भी रुकेगी। बाड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर समय में बदलाव कर व्यापारियों के लिए इसे और सुविधाजनक बनाया गया है।

यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब हाल ही में श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से करीब नौ दिन तक बंद रहा। इस दौरान हजारों ट्रक, जिनमें से कई फल-लदे हुए थे, हाईवे पर फंसे रहे। इससे बागवानों और व्यापारियों को करीब 600 से 700 करोड़ रुपये तक का नुकसान झेलना पड़ा। 

कश्मीर का बागवानी क्षेत्र सीधा और परोक्ष रूप से करीब 30 लाख लोगों की आजीविका से जुड़ा हुआ है। कश्मीर फ्रूट ग्रोअर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बशीर अहमद बशीर ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि रोजाना घाटी से करीब 1,000 से अधिक ट्रक फल लेकर बाहर निकलते हैं।

 ऐसे में यह शुरूआत सकारात्मक है, लेकिन सरकार को पार्सल ट्रेन की मंजिलों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार करना चाहिए ताकि विभिन्न राज्यों के बाजारों तक सेब आसानी से पहुंच सके।