मध्य प्रदेश में इन दिनों पड़ रही कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। वहीं सुबह-शाम कोहरा छाए रहने से भी लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही राज्य के लगभग आधे हिस्से में कोहरे की चादर छाई हुई है। प्रदेश में ठंड का कहर लगातार जारी है। कई जिलों में तापमान गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह-शाम घना कोहरा छाया है। ठिठुरन बढ़ने से लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं, वहीं प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग ने मंगलवार 16 दिसंबर को 22 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया। इनमें से ज़्यादातर जिलों में कोहरा छाया रहा। कई जिलों में विज़िबिलिटी 50 मीटर तक कम रही, जिससे गाड़ी चलाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, अशोकनगर, भिंड, टीकमगढ़, दतिया, निवाड़ी, रीवा, पन्ना, सतना, छतरपुर, मऊगंज और सिद्धि में घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया, जबकि भोपाल, विदिशा, दमोह, सागर, कटनी, जबलपुर, उमरिया, मैहर, सिंगरौली और शहडोल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया।
जबलपुर में सुबह 8 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इसी तरह टीकमगढ़ भी घने कोहरे में डूबा रहा। इससे पहले सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा।
घने कोहरे के साथ तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। पचमढ़ी और राजगढ़ राज्य में सबसे ठंडे रहे, जहां तापमान 5.4 डिग्री रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, इंदौर में 6.6, ग्वालियर में 9.1, उज्जैन में 9.3 और जबलपुर में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 दिसंबर की रात को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिवेट होगा। इससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। जेट स्ट्रीम की स्पीड 222 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक पहुंच गई है, जिससे पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ा रही हैं।
पुराण डेस्क