MP में कड़ाके की ठंड का दौर जारी, कोल्ड वेव और कोहरे का असर, 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा  तापमान


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

19 और 20 दिसंबर को मध्य प्रदेश में शीत लहर और कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है, प्रदेश में लोगों को अगले दो दिनों तक कोल्ड वेव से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है..!!

मध्य प्रदेश में कई इलाकों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। ठंड ने प्रदेशभर में क़हर मचा रखा है। उत्तर से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण राज्य के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक कोल्ड वेव से कोई राहत नहीं मिलेगी। कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है, जिसमें विजिबिलिटी घटकर 200 से 100 मीटर के बीच रहने की उम्मीद है।

बीती रात राज्य में सबसे ठंडा मौसम राजगढ़ में रहा, न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा, पचमढ़ी में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। राजधानी भोपाल में भी कड़ाके की ठंड रही और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। 

ग्वालियर: 9.8 डिग्री, जबलपुर: 8.6 डिग्री, नरसिंहपुर: 8.6 डिग्री, मंडला: 8.5, दमोह: 8.5 डिग्री, सतना: 8.4 डिग्री, खजुराहो: 8.2 डिग्री, उज्जैन: 8.0 डिग्री, रीवा: 7.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ों से चलने वाली बर्फीली हवाओं का असर मध्य प्रदेश में देखा जा रहा है, जिससे ठंड और तेज़ हो गई है। घने कोहरे से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में तापमान और गिर सकता है।