देश की राजधानी में मौसम का मिजाज बदला है। सुबह पारा 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है..!
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 4 दिनों में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और गोवा में गरज के साथ बारिश की संभावना है। आईएमडी के अनुसार देश के बारिश वाले हिस्सों में हीटवेव के चलने की कोई उम्मीद नहीं है।
2 से 3 जून को लक्षद्वीप, केरल, कोमोरिन और मन्नार की खाड़ी में पानी गिरने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तो भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 4 जून तक मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश में भी कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम यहां सामान्य ही बना रहेगा।
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। अगले दो तीन दिनों में मानसून के मध्य अरब सागर, केरल के शेष इलाकों, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून के कारण अगले 4 दिनों में केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बरसात की संभावना है।