सितंबर में सामान्य से ज्यादा होगी बारिश, जानिए मौसम विभाग का अपडेट


स्टोरी हाइलाइट्स

मौसम विभाग ने सितंबर के लिए पूर्वानुमान जारी कर दिया है. विभाग ने प्रेस नोट जारी कर सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान जताया है. आइए जानते हैं क्या कहता है मौसम विभाग का अनुमान..!

अगस्त में मध्यप्रदेश समेत देश के कई हिस्से जहां बाढ़ से प्रभावित रहे वहीं कुछ हिस्सों में अब भी बारिश का इंतजार है। अगस्त के बाद अब निगाहें इस महीने के मानसून और मौसम पर टिकी हैं। मौसम विभाग ने सितंबर के लिए पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रेस नोट जारी कर सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान जताया है। आइए जानते हैं क्या कहता है मौसम विभाग का अनुमान-

 

1. वर्षा- भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना है, केवल पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और पूर्व तथा उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर जहां सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। पूरे देश में सितंबर 2022 के लिए मासिक वर्षा सामान्य से अधिक (दीर्घ अवधि के औसत (एलपीए) का >109%) होने की संभावना है।

2. तापमान- देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहने की संभावना है, केवल पूर्व और उत्तर पूर्व भारत के कई भागों, मध्य भारत और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ इलाकों को छोड़कर, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। केवल उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और प्रायद्वीपीय भारत के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।

3. एसएसटी- वर्तमान में, भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में ला नीना की स्थिति प्रचलित है। नवीनतम एमएमसीएफएस/ MMCFS पूर्वानुमान इंगित करता है कि ला नीना की स्थिति वर्ष के अंत तक जारी रहने की संभावना है। अन्य जलवायु मॉडल भी आगामी सीज़न के दौरान ला नीना की स्थिति के जारी रहने का संकेत दे रहे हैं। वर्तमान में हिंद महासागर में नकारात्मक आईओडी स्थितियां विकसित हो रही हैं और नवीनतम एमएमसीएफएस/ MMCFS पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि आगामी महीनों के दौरान नकारात्मक आईओडी की स्थिति मजबूत होने की संभावना है।

"आईएमडी मानसून के बाद {अक्टूबर-दिसंबर (ओएनडी)} सीजन 2022 और अक्टूबर 2022 के लिए वर्षा का पूर्वानुमान सितंबर 2022 के अंत में या अक्तूबर, 2022 के आरंभ में जारी करेगा"