ठंड से मिली राहत, जानिए किस तरह करवट लेगा अब मौसम?


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

उत्तरी मध्य प्रदेश, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया..!

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में ठंड में कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड में कमी आने का अनुमान जताया है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रहा। वहीं, 20 जनवरी की रात के दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय तक पहुंचने की संभावना है, जिससे 20-22 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तरी मध्य प्रदेश, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शुक्रवार (20 जनवरी) तक उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और फिर सप्ताह के बाद के दिनों में कोई खास बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।

बारिश का अनुमान-

एक और पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके 23 से 25 जनवरी के बीच हिमालयी क्षेत्र में पहुंचने की उम्मीद है। इसकी वजह से 23-26 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 23 और 24 जनवरी को पश्चिमी हिमालय में छिटपुट ओले गिरने की भी संभावना है।

मैदानी इलाकों में भी बारिश-

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में भी बारिश की संभावना है। पंजाब के कुछ इलाकों में 22 जनवरी को हल्की बारिश और 23 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 24 और 25 जनवरी को भी बारिश की संभावना है। 22 जनवरी को दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 23 जनवरी को बारिश होगी जबकि ज्यादातर इलाकों में 24 जनवरी को बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 और 25 जनवरी को बारिश हो सकती है।