भोजशाला पर आज आएगा हाईकोर्ट का फैसला, 12 लेयर में सुरक्षा, 1200 पुलिसकर्मी तैनात


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

फैसले के मद्देनजर धार जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर हैं..!!

धार की ऐतिहासिक भोजशाला मामले में इंदौर हाईकोर्ट आज शुक्रवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाएगा। इस बहुप्रतीक्षित निर्णय पर सिर्फ धार ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की नजर है। यह मामला वर्षों से विवादों और कानूनी प्रक्रियाओं में उलझा हुआ है।

फैसले के मद्देनजर धार जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहा है। प्रशासन सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रख रहा है। अफवाहें, भड़काऊ पोस्ट या गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

धार पुलिस कंट्रोल रूम में जिले से लगभग 1200 पुलिसकर्मी को बुलाया गया है। जो धार शहर पर अपनी नजर बनाए रखेंगे। अभी 600 से अधिक पुलिसकर्मी धार पहुंच गए है। एसपी सचिन शर्मा भी कंट्रोल रूम पहुंच गए है, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस बल को निर्देश दिए।

धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि धार शहर की सुरक्षा को 12 लेयर में किया गया है। दोनों ही पक्षों से बातचीत हुई है शांति और सौहार्द की अपील भी की गई है। अलर्ट पर रिजर्व बल, पुलिसकर्मी और रैपिड एक्शन फोर्स को रखा गया है।

खास बात यह है कि आज शुक्रवार होने के चलते मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है, क्योंकि शुक्रवार को मुस्लिम समाज द्वारा भोजशाला परिसर में जुम्मे की नमाज भी अदा की जाती है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें और जिले में शांति व सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। आज आने वाला यह फैसला भोजशाला विवाद की आगे की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।