मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक 21 मई को होने की संभावना है। पीएम मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी केंद्रीय मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले केंद्रीय राज्य मंत्रियों और अन्य केंद्रीय राज्य मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के अलग-अलग पहलुओं के अलावा, मंत्रालयों और विभागों के कामकाज की समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा पीएम बैठक में बचत की अपील पर भी चर्चा कर सकते हैं।
इधर मोदी 3.0 सरकार के दो साल पूरे होने से पहले कैबिनेट में संभावित फेरबदल को लेकर चचार्एं तेज हो गई हैं। इस सरकार ने 10 जून, 2024 को शपथ ली थी। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट का विस्तार और फेरबदल जून के दूसरे सप्ताह में हो सकता है।
यह बैठक बंगाल और असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की भारी जीत और पुडुचेरी में राजग की दोबारा सरकार बनने के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री प्रमुख नीतिगत और शासन संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए समय-समय पर मंत्रिपरिषद की बैठकें करते रहे हैं, लेकिन 21 मई की बैठक का राजनीतिक महत्व इसलिए है क्योंकि यह विधानसभा चुनावों के बाद हो रही है।
पुराण डेस्क