भोपाल। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक अभिनव प्रयोग करते हुए अमेरिका निर्मित राबिन्सन हेलीकॉप्टर की सहायता से 500 काले हिरणों को आगर मालवा के जंगलों से कूनो नेशनल पार्क एवं गांधी सागर अभयारण्य तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है।
यह हेलीकॉप्टर रोल्स-रॉयस टर्बाइन इंजन से संचालित है। रक्षा मंत्रालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर इस अभियान को अंजाम दिया गया। वन्यप्राणी शाखा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) शुभरंजन सेन के अनुसार, इसी तकनीक से 100 काले हिरणों को नौरादेही टाइगर रिजर्व में भी छोड़ा गया है, जो आगामी वर्ष चीता बसाहट का नया केंद्र बनेगा।
अब इसी पद्धति से 100 नीलगायों को भी आगर मालवा से अन्य जंगलों में स्थानांतरित किया जाएगा। नीलगायों का स्थानांतरण चीता आवासों से अलग होगा क्योंकि अपने आकार और बल के कारण वे चीते के शिकार के लिए उपयुक्त नहीं मानी जातीं।
यह प्रयोग अफ्रीकी विशेषज्ञों की टीम की देखरेख में सम्पन्न हुआ और अत्यंत सफल रहा। इस अभियान में मध्यप्रदेश के वन अधिकारियों की टीम ने भाग लेकर न केवल अनुभव अर्जित किया, बल्कि आगामी ट्रांसलोकेशन अभियानों के लिए प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। यह सफलता राज्य के वन्यजीव प्रबंधन में एक नये युग की शुरुआत मानी जा रही है।
डॉ. नवीन आनंद जोशी