Datia: मंदिर से लौट रहे भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

हमलावर कौन थे, अभी यह पता नहीं चला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे की है..!!

दतिया में मंदिर से लौट रहे भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर कौन थे, अभी यह पता नहीं चला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे की है।

प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि वार्ड नंबर 1 के पार्षद कल्लू कुशवाहा रोज की तरह चौराहे पर टहलने आए थे, तभी अचानक हमलावर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इलाके में तनाव का माहौल है।

पूर्व पार्षद की हत्या में उम्रकैद की सजा

सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि दतिया कोर्ट ने पूर्व पार्षद बाल किशन कुशवाहा की हत्या के मामले में पार्षद कल्लू कुशवाहा समेत छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 

मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो कल्लू कुशवाहा को जमानत मिल गई थी। करीब 4 महीने पहले ही वह जेल से बाहर आए थे। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।