बिल्डर अशोक शाह ने बिहार की राजधानी पटना में मशहूर उद्योगपति गोपाल खेमका की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या करवा दी। शाह ने हत्या के लिए शूटर उमेश यादव को 3.5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। वह गोपाल खेमका का परिचित है। पुलिस मंगलवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्या की असली वजह बताएगी। सोमवार को पटना पुलिस की विशेष टीम ने मास्टरमाइंड अशोक शाह, शूटर उमेश यादव और हथियार सप्लायर राजा को गिरफ्तार किया था। इनमें से राजा की देर रात पुलिस की गोली लगने से मुठभेड़ में मौत हो गई।
पुलिस ने सबसे पहले शूटर उमेश यादव को मालसलामी इलाके से पकड़ा। पूछताछ में शुरू में वह बहाने बनाता रहा। लेकिन बाद में उसने बिल्डर अशोक शाह के कहने पर गोपाल खेमका की हत्या करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के पुराने म्यूजियम के पास उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी कर साजिशकर्ता अशोक शाह को गिरफ्तार कर लिया। राजा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अशोक शाह पटना के उदयगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 601 में रहता है। वह बिल्डर है और स्टील बार का भी कारोबार करता है। गोपाल खेमका उसे अच्छी तरह जानता था। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने मंगलवार की सुबह एक टीवी चैनल से बातचीत में बताया कि कारोबार को लेकर निजी रंजिश के चलते अशोक शाह ने खेमका की हत्या कराई है।
शाम को पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरा मामला सामने आएगा। गोपाल खेमका की शुक्रवार की देर रात गांधी मैदान थाना क्षेत्र में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले उनके बेटे की भी हत्या हो चुकी है।
हथियार सप्लायर मुठभेड़ में ढेर गोपाल खेमका हत्याकांड में शूटर उमेश यादव को हथियार सप्लाई करने वाला राजा उर्फ विकास सोमवार की रात करीब सवा दो बजे मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ पटना शहर के मालसलामी स्थित पीरदमिया घाट के पास हुई। राजा की सूचना पर पुलिस हथियार लेने गई थी। इस दौरान राजा ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और गोली लगने से राजा की मौत हो गई।