प्रदेश के आठ वेटलैंड्स को रामसर साईट घोषित किया जायेगा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

भोज वेटलैण्ड (बड़ी झील) भोपाल को अधिसूचित करने हेतु प्रस्ताव नगर निगम भोपाल से प्राप्त हो चुका है..!!

भोपाल: मप्र में आठ ऐसे वेटलैंड्स हैं जिन्हें वेटलैण्ड नियम 2017 के तहत रामसर साईट घोषित किया जायेगा। इसके लिये राज्य के पर्यावरण विभाग के अंतर्गत कार्यरत पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन अर्थात एप्को कार्य कर रहा है। एप्को इस हेतु रामसर साइट् सिरपुर वेटलैण्ड इन्दौर का संक्षिप्त प्रतिवेदन राज्य शामन को प्रेषित कर चुका है। 

भोज वेटलैण्ड (बड़ी झील) भोपाल को अधिसूचित करने हेतु प्रस्ताव नगर निगम भोपाल से प्राप्त हो चुका है। शेष रामसर साइट्स शिवपुरी जिले की जाधव झील एवं माधव झील, सागर जिले का सागर तालाब, अशोकनगर जिले के ईसागढ़ में स्थित सिंध सागर तालाब, रतलाम जिले का अमृत सागर एवं दतिया जिले के सीता सागर के प्रारूप, संक्षिप्त प्रतिवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में राजस्व विभाग और वन विभाग और संबंधित जिला प्रशासन के सहयोग से 13 हजार 454 वेटलैण्ड्स का जमीनी सत्यापन और 12 हजार 741 वेटलैण्ड्स के सीमांकन का कार्य पूरा हो चुका है। यह वेटलैण्ड्स 2.25 हैक्टेयर क्षेत्रफल से अधिक के हैं। प्रदेश में कुछ ही वेटलैण्ड्स शेष हैं, जहां यह कार्य अभी चल रहा है। एक नया मोबाइल एप भी तैयार किया गया है। इस कार्य के लिए प्रदेश के 55 जिलों में लगभग 5 हजार कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। मॉनीटरिंग के लिए डैशबोर्ड विकसित किया गया है।

वन विभाग आयोजित करेगा राष्ट्रीय कार्यशाला..

सीएम मोहन यादव ने वन विभाग को निर्देश दिये हैं कि वह राज्य में स्थित नर्मदा नदी एवं अन्य वेटलैंड्स के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित कर जलीय जीवों के संरक्षण हेतु कार्ययोजना तैयार करे।