भोपाल: राजधानी भोपाल के बाघ विचरण क्षेत्र कैरवा एवं कलियासोत क्षेत्र की 400 एकड़ भूमि वन विभाग का लैंड बैंक बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिये पहल प्रारंभ हो गई है। राज्य के वन विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णमाल ने भोपाल जिला कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को पत्र लिखाकर कहा है कि भोपाल वन मण्डल की बीट मेंडोरा के कक्ष क्रमांक पीएफ 231 की सीमा के समीप ग्राम बांसिया, अमझरा, झगरिया खुर्द, दौलतपुरा, चीचली एवं नयापुरा की लगभग 400 एकड़ राजस्व वन भूमि है।
उक्त राजस्व वन भूमि में अवैध कटाई व अतिक्रमण की घटना प्रकाश में आई है। राजस्व वन भूमि पर भारतीय वन अधिनयम 1927 की कार्यवाही विधिक नहीं होने से वन विभाग कार्यवाही करने में सक्षम नहीं है। उक्त राजस्व वन भूमि संरक्षित वनों के समीप होकर बाघ विचरण क्षेत्र में स्थित है। इसको सुरक्षित रखा जाना अत्यंत आवश्यक है।
शासन की विभिन्न विकास परियोजनाओं में वन भूमि डायवर्सन में वैकल्पिक वृक्षारोपण हेतु भूमि की आवश्यकताओं को देखते हुये उक्त राजस्व वन भूमि को वैकल्पिक वृक्षारोपण हेतु लैंड बैंक के रूप चिन्हित कर इसकी सुरक्षा किए जाने के साथ-साथ वैकल्पिक वृक्षारोपण हेतु भूमि की उपलब्धता हो सकेगी। इसलिये उक्त ग्रामों की राजस्व वन भूमि को वैकल्पिक वृक्षारोपण हेतु लैंड बैंक के रूप चिन्हित कर वन मण्डल अधिकारी भोपाल के साथ आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर वन विभाग को आवंटित किया जाये।
डॉ. नवीन आनंद जोशी