भोपाल: आईएफएस मीट 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय सांस्कृतिक संध्या दिनांक 31 जनवरी को अत्यंत गरिमामय, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। यह कार्यक्रम आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक समरसता और संगठनात्मक एकता का सशक्त प्रतीक बना। पूरे मीट के सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने में भोपाल डीएफओ लोकप्रिय भारती और उनकी टीम का बड़ा योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम का शुभारंभ दिनांक 30 जनवरी, 2026 को दीप प्रज्ज्वलन कर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख वीएन अम्बाडे द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी डॉ. कल्पना अम्बाडे की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। सांस्कृतिक संध्या में विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा तथा अपर मुख्य सचिव वन विभाग अशोक बर्णवाल, मप्र आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष मनु श्रीवास्तव एवं आईपीएस के अध्यक्ष चंचल शेखर ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
मुख्य सचिव अनुराग जैन और डीजीपी कैलाश मकवाना का को वीएन अंबाड़े ने पुष्पगुच्छ स्वागत किया।
एपीसीसीएफ मोहन मीणा ने शीर्षासन किया
“हमको साथ आना है” की प्रस्तुति
31 जनवरी को कार्यक्रम की शुरुआत में 2024 बैच के आईएफएस अधिकारियों द्वारा आईएफएस मीट गीत “हमको साथ आना है” पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुति दी गई। यह गीत डॉ. कल्पना अम्बाडे द्वारा रचित है। आईएफएस मीट 2026 के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित आईएफएस थीम सॉन्ग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सेवानिवृत्त, सेवारत वरिष्ठ एवं नवनियुक्त भारतीय वन सेवा अधिकारियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शनिवार को क्रिकेट, कुर्सी दौड़, वॉलीबॉल, रस्साकशी, पतंगबाजी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अंतिम दिन रात्रि में पीसीसीएफ बिभाष ठाकुर, बीएस अन्नागिरी, एचएस मोहन्ता और अजय यादव ने फ़िल्मी गीत- 'डोला रे डोला और 'हाय मार डाला' पर मनोरंजक नृत्य किया।
गणेश पाण्डेय