Bhopal: कांग्रेस जिलाध्यक्षों की सूची पर घमासान जारी, गांधी प्रतिमा के सामने कर रहे विरोध प्रदर्शन


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

नए कांग्रेस जिलाध्यक्षों की सूची को लेकर विरोध के स्वर, पुतला दहन के बाद इस्तीफे तक पहुँचे, रीवा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अशफाक और इंदौर संभागीय प्रवक्ता सनी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया..!!

मध्य प्रदेश में नए कांग्रेस जिलाध्यक्षों की सूची घोषित होने के बाद शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। कार्यकर्ताओं में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं कई जिलों में नए अध्यक्ष के नाम का विरोध हो रहा है। 

अध्यक्ष पद के दावेदारों का गुस्सा अब लगभग पूरे प्रदेश में खुलकर सामने आ गया है। कई नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा देना भी शुरू कर दिया है। सूची घोषित होने के बाद से यह क्रम जारी है।

जिला अध्यक्ष चयन पर भड़के मोनू सक्सेना गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसी क्रम में रीवा, सतना, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, बुरहानपुर, देवास समेत प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन सामने आए हैं। रीवा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अशफाक अहमद ने मुसलमानों के कम प्रतिनिधित्व के चलते इस्तीफा दे दिया। इसी तरह, इंदौर में संभागीय प्रवक्ता सनी राजपाल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

देवास में पटवारी के करीबी गौतम बंटू गुर्जर ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। सतना में ज़िला अध्यक्ष बनाए गए सिद्धार्थ कुशवाह का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। भोपाल में दावेदार रहे मोनू सक्सेना के समर्थकों ने फेसबुक पर लिखा- 'राहुल गांधी ने कहा था संगठन बनाओ, भोपाल में भंग कर दिया गया।'

कांग्रेस का नुकसान कांग्रेस में उलझे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा- कांग्रेस परिवार के बहादुर साथियों, अब हमें संगठन निर्माण अभियान के अगले चरण की ओर मिलकर आगे बढ़ना है! कांग्रेस की विचारधारा और मूल्यों को जन-जन तक, पंचायतों तक पहुँचाना है! 

मध्य प्रदेश में मज़बूत संगठन ही कांग्रेस की पहचान है जो सबके बेहतरीन योगदान से है! संगठन निर्माण की इस प्रक्रिया में जिन साथियों का चयन नहीं हुआ, उन्हें जल्द ही नई ज़िम्मेदारियाँ दी जाएँगी! हमें अगले मोर्चे के लिए भी जी-जान से जुट जाना है! कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों को हर व्यक्ति/घर तक पहुँचाना है! हमारा एक ही लक्ष्य है, 2028 में कांग्रेस की सरकार बनाना! एक बार फिर बधाई और अग्रिम शुभकामनाएँ!