• India
  • Sat , Jul , 27 , 2024
  • Last Update 06:40:AM
  • 29℃ Bhopal, India

ख़तरा : जिसके बारे में सबको, सोचना है| 

राकेश दुबे राकेश दुबे
Updated Mon , 27 Jul

सार

यह तथ्य चौंकाने वाला नहीं, परेशान करने वाला है कि महासागरों का औसत तल वर्ष 1993 के बाद से प्रतिवर्ष 3.2 मिलीमीटर की दर से बढ़ चुका है।

janmat

विस्तार

राकेश दुबे 

यह तथ्य चौंकाने वाला नहीं, परेशान करने वाला है कि महासागरों का औसत तल वर्ष 1993 के बाद से प्रतिवर्ष 3.2 मिलीमीटर की दर से बढ़ चुका है। वर्ष 2015 से 2019 के बीच तो यह बढ़ोत्तरी 5 मिलीमीटर प्रतिवर्ष तक रही है जबकि वर्ष 2007 से बढ़ोतरी का औसत 4 मिलीमीटर प्रतिवर्ष रहा है।

इसका सीधा सा मतलब है कि साल-दर-साल महासागरों के औसत तल में पहले से अधिक बढ़ोत्तरी होती जा रही है। इसके प्रभाव से आबादी का बहुत बड़े पैमाने पर विस्थापन होगा। यह वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा होगा क्योंकि एक बड़ी आबादी का घर और व्यवसाय छूट जाएगा, ठिकाना बदल जाएगा। इसके प्रभाव से अनेक देश भी डूब जाएंगे, जिससे एक बड़ी आबादी ऐसी होगी, जिसका कोई देश नहीं होगा।

दुनिया के अधिकतर महानगर महासागरों के किनारे स्थित है और जैसे-जैसे महासागरों का जल बढ़ रहा है, पृथ्वी का भूगोल भी बदल रहा है - पानी का क्षेत्र बढ़ता जा रहा है और भूमि का क्षेत्र कम होता जा रहा है। भूमि के क्षेत्र के कम होने से एक बड़ी आबादी लगातार विस्थापित होती जा रही है, जाहिर है इसका सीधा असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा।

कुछ वर्षों से लगातार तापमान वृद्धि के कारण तेजी से बढ़ते औसत सागर तल और इसके प्रभाव से डूबते सागर तट, शहरों और देशों की चर्चा की जा रही है, पर इसी बीच हाल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार वर्ष 2000 से 2022 के बीच दुनियाभर के शहरों ने सागरों और महासागरों के किनारे की 2530 वर्ग किलोमीटर यानी 253000 हेक्टेयर भूमि विकास परियोजनाओं के लिए हड़प ली है। इनमें से 70 प्रतिशत भूमि ऐसे क्षेत्रों में है जहां औसत सागर तल तेजी से बढ़ रहा है।

अर्थ्स फ्यूचर नामक जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार वैश्विक स्तर पर दस लाख से अधिक आबादी वाले 135 शहरों ने महासागरों और सागरों के किनारे की 253000 हेक्टेयर भूमि पर विकास परियोजनाएं खड़ी कर ली है। 

यह सब वर्ष 2000 से 2022 के बीच हुआ है। इसका सीधा सा मतलब है कि पिछले 22 वर्षों के दौरान पृथ्वी पर भू-क्षेत्र में 253000 हेक्टेयर की वृद्धि हो गई है। यह अपने तरीके का पहला अध्ययन है। इन 135 शहरों में से 78 प्रतिशत यानी 106 शहरों ने अपने समुद्री तट का विस्तार किया है। ऐसे विस्तार में से अधिकतर विस्तार एशिया में, 248550 हेक्टेयर किया गया है, इसके बाद अफ्रीका में 2277 हेक्टेयर और यूरोप में 2233 हेक्टेयर विस्तार है।

एशिया में भी अकेले पूर्वी एशिया में महासागरों से 225290 हेक्टेयर भूमि हड़पी गई है, जब कि पश्चिमी एशिया में यह क्षेत्र 14998 हेक्टेयर और दक्षिण पूर्व एशिया में 7477 हेक्टेयर है। दुनियाभर में महासागरों से जितनी भूमि निकाली गई है उसमें से 90 प्रतिशत चीन, यूनाइटेड अरब अमीरात और इंडोनेशिया में है। 

अकेले चीन के शंघाई शहर में यह विस्तार 34978 हेक्टेयर है। कुल 78 शहरों में महासागरों से निकाली गयी जमीन पर बंदरगाह का निर्माण किया गया है, 31 शहरों में आवास और व्यवसाय के लिए भूमि पर कब्जा किया गया है और 19 शहरों में यह उद्योगों के विस्तार के लिए किया गया है। 

हालांकि इस अध्ययन को दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों पर किया गया है, पर इसके अनुसार कुछ छोटे शहर भी महासागरों की जमीन हड़प रहे हैं। इसे शहरों की लिस्ट में गुजरात में गौतम अडानी के पोर्ट शहर मुद्रा का नाम भी शामिल है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एन्टोनियो गुटेर्रेस ने कहा कि वर्तमान में सागर तल के बढ़ने की दर पिछले 3000 वर्षों की तुलना में सबसे अधिक है। 

इस समस्या के समाधान के लिए के एक ऐसा अंतरराष्ट्रीय कानून बनाने की जरूरत भी है जिससे गरीबों, बेघर और बिना देश वाले लोगों को पर्याप्त सुरक्षा दी जा सके। इतने बड़े पैमाने पर विस्थापन के बाद साफ पानी, भूमि और प्राकृतिक संसाधनों के लिए प्रतिस्पर्धा और तेज हो जाएगी। 

वर्ल्ड मेट्रोलॉजिकल ऑर्गेनाइजेशन ने हाल में ही बताया है कि दुनियाभर में सागर तल बढ़ रहा है और दूसरी तरफ पिछले 11000 वर्षों की तुलना में महासागरों का पानी अधिक गर्म भी हो रहा है। यदि इस शताब्दी के अंत तक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक रोक भी दिया गया गया, जिसकी संभावना दूर-दूर तक नजर नहीं आती, तब भी औसत सागर तल में वर्ष 2100 तक 50 सेंटीमीटर की और अगले 2000 वर्षों के दौरान 2 से 3 मीटर की वृद्धि तय है। 

वर्ष 2015 के आकलन के अनुसार दुनिया में लगभग 1.1 अरब आबादी सागर तट के पास बसती है और इस आबादी में वर्ष 2050 तक 71 प्रतिशत की वृद्धि होगी।

महासागरों से संबंधित भयानक आपदाएं जो अब तक एक शताब्दी में एक बार आती थी, अब वैसी आपदाएं वर्ष 2050 के बाद से वार्षिक घटनाएं हो जाएंगी। विश्व के महासागरों और ग्लेशियर पर जलवायु परिवर्तन के असर से संबंधित इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अनेक असर तो अभी ही स्पष्ट हो रहे हैं। 

खतरनाक चक्रवातों और तूफानों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और दूसरी तरफ पृथ्वी के दोनों ध्रुवों पर जमी बर्फ लगातार तेजी से पिघलती जा रही है। इससे महासागरों की सतह की ऊंचाई बढ़ती जा रही है, पानी अधिक गर्म होता जा रहा है और पानी में ऑक्सीजन की कमी हो रही है। 

कार्बन डाइऑक्साइड की सांद्रता बढ़ रही है जिससे महासागरों का पानी अधिक अम्लीय हो रहा है। इन सबसे समुद्री जीवन खतरे में है और अनेक समुद्री प्रजातियां विलुप्त भी हो चुकी हैं।