प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना अंतर्गत पंजीयन में म.प्र. चौथे स्थान पर


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

राज्य के श्रम विभाग के अनुसार, मप्र के बैतूल में सर्वाधिक 1771 पंजीयन हुए हैं..!

भोपाल। केन्द्र सरकार द्वारा असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले करोड़ों श्रमिकों को वृद्धावस्था में एक सुरक्षित और स्थिर भविष्य प्रदान करने तथा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें मासिक पेंशन प्रदान करने हेतु लागू प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के अंतर्गत 15 जनवरी से 8 मार्च 2026 तक आयोजित विशेष पंजीयन अभियान में श्रमिकों के पंजीयन में मप्र राज्य ने देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। राज्य के श्रम विभाग के अनुसार, मप्र के बैतूल में सर्वाधिक 1771 पंजीयन हुए हैं। इसलिये बैतूल जिला देश के जिलों में दूसरे स्थान पर तथा नर्मदापुरम जिला 1501 पंजीयन के साथ तीसरे स्थान पर रहा है।

उल्लेखनीय है कि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले रेहड़ी-पटरी वाले, रिक्शा चालक, घरेलू कामगार आदि जिनकी आयु 18 वर्ष से 40 वर्ष के बीच है तथा मासिक आमदनी 15 हजार रुपये से कम है, उनके लिये केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना प्रारम्भ की गई है, जिसके अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक की 60 वर्ष की आयु के बाद प्रतिमाह 3 हजार रुपये निश्चित मासिक पेंशन दिये जाने का प्रावधान है। 

इस योजना में श्रमिक और सरकार दवारा अंशदान दिया जाता है। अंशदान की राशि श्रमिक की आयु अनुसार 55 रूपये से 200 रुपये तक निर्धारित है। यदि लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है तो पति/पत्नी को पेंशन का 50 प्रतिशत (1500 रुपये) दिये जाने के प्रावधान है। इस योजना के अंतर्गल पंजीयन कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा मानधन पोर्टल पर आधार कार्ड और बैंक खाते के साथ किया जा सकता है।