Madhya Pradesh Foundation Day: 1 नवंबर, 2025 को भारत का हृदय प्रदेश कहे जाने वाले राज्य मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस यानि कि जन्मदिवस है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा, "मध्य प्रदेश अब 70 वर्ष का हो गया है। यह अपनी भव्य विकास यात्रा को चिह्नित करते हुए अपना 70वां स्थापना दिवस मना रहा है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बधाई और शुभकामनाएं दी हैं..
गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने वाले मध्य प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। देश के हृदय में बसा हमारा यह प्रदेश जन-जन की आकांक्षाओं को आगे रखकर आज हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रहा है। मुझे विश्वास है कि विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में यहां के प्रतिभाशाली और परिश्रमी लोगों की अमूल्य भूमिका होने वाली है।
सीएम मोहन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया, "1 नवंबर, 1956 को गठित यह राज्य न केवल भारत के हृदय में स्थित है, बल्कि देश के विकास मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान भी स्थापित कर चुका है।" मुख्यमंत्री ने कहा, "मध्य प्रदेश की यह 70 वर्ष की यात्रा समर्पण, दृढ़ संकल्प और सतत विकास की एक सुखद यात्रा रही है।" यह दिन हमें अपने पूर्वजों के परिश्रम, उनकी लगन, जनभागीदारी से विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी और हम सभी की आस्था और समर्पण की याद दिलाता है।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि पिछले सात दशकों में मध्य प्रदेश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। कभी "बीमारू" कहे जाने वाले इस राज्य ने आज कृषि, सिंचाई, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। हमारा मध्य प्रदेश आज देश की "अन्नधानी" के रूप में जाना जाता है, जहाँ खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए अनेक योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया है।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि "देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन" और "लाड़ली लक्ष्मी योजना" जैसी योजनाएँ महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बन गई हैं। युवाओं के लिए "मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना" और "स्टार्टअप मध्य प्रदेश" जैसे कार्यक्रम रोज़गार और नवाचार के नए द्वार खोल रहे हैं। साथ ही, राज्य में सुशासन और नवाचारों ने शासन को जनता के द्वार तक पहुँचाने का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि राज्य अब 'विकसित भारत @ 2047' के विजन और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। स्मार्ट सिटी, हरित ऊर्जा, जल संरक्षण, डिजिटल गवर्नेंस और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" के मंत्र को अपनाकर मध्य प्रदेश एक आत्मनिर्भर राज्य के रूप में उभर रहा है। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश अब न केवल भौगोलिक दृष्टि से, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में भी देश के हृदय और धमनियों की तरह धड़क रहा है। विकास के संबंध में हमारी दिशा और लक्ष्य स्पष्ट हैं: विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचे, हर हाथ को काम मिले, हर घर समृद्ध हो और हर दिल को मध्य प्रदेश का निवासी होने पर गर्व हो।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश का 70वाँ स्थापना दिवस अतीत की उपलब्धियों को स्मरण करने और भविष्य के लिए स्वर्णिम लक्ष्य निर्धारित करने का अवसर है। स्थापना दिवस के अवसर पर, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों से एकजुट होकर "एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त मध्य प्रदेश" बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सामूहिक भागीदारी के माध्यम से अपनी धरती, अपनी मातृभूमि, अपने प्रदेश को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने का यह सही अवसर है।
पुराण डेस्क