दक्षिण छिन्दवाड़ा वनमंडल खत्म कर पाण्ढुर्ना वनमंडल गठित होगा


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

छिन्दवाड़ा जिले को तोडक़र 5 अक्टूबर 2023 को नया पाण्ढुर्ना जिला बनाया गया है..!!

भोपाल: राज्य का वन विभाग दक्षिण छिन्दवाड़ा वनमंडल को खत्म कर पाण्ढुर्ना वनमंडल का गठन करने जा रहा है जिसकी केबिनेट ने स्वीकृत प्रदान कर दी है।

उल्लेखनीय है कि छिन्दवाड़ा जिले को तोडक़र 5 अक्टूबर 2023 को नया पाण्ढुर्ना जिला बनाया गया है। पाण्ढुर्ना जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 1522.220 वर्ग किमी है जिसमें 662.742 वर्ग किमी वन क्षेत्र है जोकि कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का 43.53 प्रतिशत है। 

नये जिले पाण्ढुर्ना में जिला स्तर पर समन्वय, वर्तमान वनों का बेहतर प्रबंधन तथा कृषकों की भूमि पर पौधरोपण को बढ़वा देने के लिये इसी जिले में नया वनमंडल गठित किया जा रहा है। दक्षिण छिन्दवाड़ा वनमंडल के 956.686 वर्ग किमी वन क्षेत्र में से 662.742 वर्ग किमी वन क्षेत्र पाण्ढुर्ना वनमंडल में शामिल होगा जबकि शेष 293.944 वर्ग किमी वन क्षेत्र पूर्व एवं पश्चिम छिन्दवाड़ा वनमंडल में शामिल होंगे। इस प्रकार, छिन्दवाड़ा वन वृत्त में पूर्व एवं पश्चिम छिन्दवाड़ा वनमंडल एवं पाण्ढुर्ना वनमंडल रहेंगे तथा दक्षिण छिन्दवाड़ा वनमंडल समाप्त हो जायेगा। 

पाण्ढुर्ना वनमंडल के लिये नवीन पदों का सृजन नहीं होगा बल्कि पहले के तीन वनमंडलों से पदों का अंतरण होगा। पाण्ढुर्ना वनमंडल में डीएफओ के निवास, कार्यालय भवन, उप वनमंडलाधिकारी के कार्यालय, लिपिक आवास, वनरक्षक आवास एवं कर्मचारी आवास हेतु 5 करोड़ 26 लाख रुपये की राशि व्यय की जायेगी।

ऐसा रहेगा पाण्ढुर्ना वनमंडल :

पाण्ढुर्ना वनमंडल में उपवनमंडल पाण्ढुर्ना और सौंसर होगा जिसमें चार रेंज अर्थात पाण्ढुर्ना, अंबाड़ा, सौंसर  और कन्हान होगी। इन चारोंं रेंजों में 23 उप रेंज यथा पाण्ढुर्ना, चिचोलीढाना, देमनी, तिगांव, सिवनी, पारडी, बोरपानी, भाग, नंदेवनी, नांदनवाड़ी, अंबाड़ा, चिमनखापा, कामठी, जोबनडेरा, सौंसर, मर्राम, मोहगांव, जोबनी भाग, बोरपानी भाग, सवरनी, बोरगांव, सतनुर, देवी एवं खुटामा होंगी। पूरे वन मंडल में कुल 92 बीट होंगी। 

इसी प्रकार, पुनर्गठन के बाद पूर्व छिन्दवाड़ा वनमंडल में छिन्दवाड़ा एवं अमरवाड़ा उप वनमंडल होंगे जिनमें नौ रेंज यथा छिन्दवाड़ा, छिंदी, चौरई, बिछुआ, अमरवाड़ा, पूर्व हर्रई, पश्चिम हर्रई, पूर्व बटकाखापा एवं पश्चिम बटकाखापा होंगी जिनमें कुल 39 उप रेंज एवं 201 बीट आयेंगी। इसी प्रकार, पश्चिम छिन्दवाड़ा वनमंडल में परासिया एवं तामिया उप वनमंडल आयेंगे जिनमें आठ रेंज यथा सांवरी, जामई, दमुआ, तामिया, सागाखेड़ा, देलाखारी और झिरिया आयेंगे जिनमें कुल 39 उप रेंज और 169 बीट आयेंगी।