भागीरथपुरा के दूषित पेयजल मामले की जांच करने राज्य स्तरीय प्रशासकीय समिति गठित


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

यह समिति उक्त मामले की विस्तृत समीक्षा कर निष्कर्ष, सुझाव एवं अनुशंसायें एक माह के अंदर राज्य शासन को प्रस्तुत करेगी.!!

भोपाल: राज्य सरकार ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल सप्लाय के मामले की जांच के लिये राज्य स्तरीय प्रशासकीय समिति का गठन किया है। यह समिति उक्त मामले की विस्तृत समीक्षा कर निष्कर्ष, सुझाव एवं अनुशंसायें एक माह के अंदर राज्य शासन को प्रस्तुत करेगी। समिति के अध्यक्ष एसीएस जीएडी संजय कुमार शुक्ल बनाये गये हैं जबकि पीएस पीएचई पी नरहरि एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन संकेत भोंडवे सदस्य बनाये गये हैं। आयुक्त इंदौर संभाग सुदाम पी खाड़े को समिति का सदस्य सचिव बनाया गया है। 

समिति को जांच के चार बिन्दु दिये गये हैं : एक, भागीरथपुरा इंदौर में घटित घटना के वास्तविक कारणों एवं आवश्यक तथ्यों का परीक्षण करना एवं घटना से संबंधित प्रशासनिक, तकनीकी एवं प्रबंधनगत कमियों का विश्लेषण करना। दो, घटना के लिये जिम्मेदार अधिकारियों/कर्मचारियों की जवाबदेही तय करना। तीन, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इस हेतु आवश्यक सुझाव देना। चार, ऐसे अन्य बिन्दु जो जां के अधीन मामलों में आवश्यक् या आनुषांगिक समझे जायें। यह समिति इस जांच के लिये संबंधित विभागों से आवश्यक अभिलेख, प्रतिवेदन एवं जानकारी प्राप्त करेगी तथा आवश्यक्ता होने पर स्थल निरीक्षण भी करेगी।