जबलपुर एवं शहडोल संभाग के 75 नगरीय निकायों में एनर्जी आडिटर नियुक्त होंगे


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के नगरीय निकायों में विभिन्न प्रकार के एलटी और एचटी विद्युत कनेक्शन विद्युत वितरण कंपनियों से लिये गये हैं जबकि कुछ नगरीय निकायों द्वारा गैर पारम्परिक ऊर्जा स्रोत से भी ऊर्जा उत्पादन किया जा रहा है..!!

भोपाल: राज्य के जबलपुर एवं शहडोल संभाग के 75 नगरीय निकायों में एनर्जी अडिटर नियुक्त किये जायेंगे। इसके लिये राज्य के नगरीय प्रशासन विभाग ने आरवी एसोसियेट आर्किटेक्टस इंजीनियर एण्ड कंस्लटेंट भोपाल को नियुक्ति के लिये पत्र जारी कर दिया है। पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के नगरीय निकायों में विभिन्न प्रकार के एलटी और एचटी विद्युत कनेक्शन विद्युत वितरण कंपनियों से लिये गये हैं जबकि कुछ नगरीय निकायों द्वारा गैर पारम्परिक ऊर्जा स्रोत से भी ऊर्जा उत्पादन किया जा रहा है। 

राज्य सरकार की नीति अनुसार गैर पारम्परिक विद्युत का उत्पादन बढ़ाया जाना है। वर्तमान में विद्युत देयकों में बचत एवं सोलर से बिजली उत्पादन कर निकायों के बिजली बिलों में कमी की जाना है। इसलिये दक्ष एनर्जी आडिटर नियुक्त किये जायें जो एलटी और एचटी कनेक्शनों और पॉवर फेक्टर का विश्लेषण कर, पॉवर फेक्टर में सुधार कराकर निकायों के बिजली बिलों में इनटेंसिव प्राप्त कर बिल में कमी करा सकें।

एनर्जी ऑडिटरों की नियुक्ति एक साल के लिये की जायेगी आवश्यक्तानुसार इनकी सेवायें बढ़ाई जायेंगी। इनमें शहडोल संभाग के 19 नगरीय निकायों जहां 795 विद्युत कनेक्शन हैं जबकि जबलपुर संभाग के 56 नगरीय निकायों जिनमें 5122 विद्युत कनेक्शन हैं, में 1-1 एनर्जी आडिटर नियुक्त किये जायेंगे।