स्टोरी हाइलाइट्स
भोपाल: 86 साल बाद एक बेशकीमती भूमि को हनुमानजी के नाम दर्ज करने के आदेश राजस्व मंडल ने जारी किये हैं........
86 साल बाद बेश कीमती भूमि हनुमानजी के नाम अंकित हुई.. डॉ. नवीन जोशी
भोपाल: 86 साल बाद एक बेशकीमती भूमि को हनुमानजी के नाम दर्ज करने के आदेश राजस्व मंडल ने जारी किये हैं। 11 हजार 500 वर्गफीट की यह भूमि ग्वालियर शहर के वार्ड 38 में स्थित है। इसे निजी भूमि बताकर हथियाने की कोशिश की जा रही थी। राजस्व मंडल के सदस्य मनु श्रीवास्तव ने लंबी सुनवाई के बाद इसे सरकारी घोषित कर अभिलेखों में माफी देवस्थान दर्ज करने के आदेश जारी किये हैं। इस भूमि पर हनुमानजी का मंदिर बना हुआ है तथा अब सरकार इस देवस्थान का रखरखाव करेगी।
दरअसल वर्ष 1935 में यह भूमि सिर्फ माफी के रुप में दर्ज थी और निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज थी। इसके अनेक वारिसदार भी बन गये थे। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था परन्तु वहां से जिला कलेक्टर को जांच के आदेश दिये गये थे, परन्तु कलेक्टर ने कोई आदेश जारी नहीं किये।
मामले में अपर आयुक्त राजस्व के समक्ष अपील हुई परन्तु वहां भी यह अस्वीकार हो गया। इसके बाद वर्ष 2015 में यह मामला राजस्व मंडल में पहुंचा जिस पर अब यह आदेश जारी किया गया है।