हिंदी-मराठी भाषा विवाद पर आशुतोष राणा का बयान, भाषा संवाद का विषय होती है, विवाद का नहीं


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

एक्टर आशुतोष राणा ने महाराष्ट्र भाषा विवाद पर दिया बड़ा बयान, जमकर बजीं तालियां..कहा: भारत इतना अद्भुत देश है..संवाद में विश्वास रखता है, विवाद में विश्वास नहीं रखता..!!

महाराष्ट्र में चल रहे हिंदी-मराठी भाषा विवाद पर कई कलाकारों ने अपनी राय दी है। मराठी हिंदी भाषा विवाद को लेकर दिग्गज अभिनेता आशुतोष राणा का बयान भी सामने आया है। राणा ने अपनी राय देते हुए कहा है, कि किसी भी भाषा को विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। 

अभिनेता इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'हीर एक्सप्रेस' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। 'हीर एक्सप्रेस' के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में हिंदी-मराठी विवाद पर राणा ने अपनी राय रखी। 

उन्होंने कहा- 'मेरी निजी राय है कि भाषा कोई भी हो, वह संवाद का विषय है। भाषा कभी विवाद का विषय नहीं होती। इसलिए भारत एक ऐसा परिपक्व और अद्भुत देश है, जहाँ उसने हर चीज़ को अपनाया है और संवाद में विश्वास रखता है।' भारत कभी विवाद में विश्वास नहीं करता।' 

आपको बता दें, कि महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में अंग्रेज़ी और मराठी के साथ-साथ हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में पढ़ाना अनिवार्य कर दिया।

सरकार ने आदेश में कहा था कि संघीय नीति के अनुसार, स्कूलों में बच्चों को तीन भाषाएँ पढ़ाना ज़रूरी है। इसके बाद हिंदी और मराठी को लेकर विवाद शुरू हो गया। महाराष्ट्र में बढ़ते विवाद को देखते हुए राज्य सरकार ने अपना फैसला वापस ले लिया। इसके साथ ही त्रिभाषा नीति की समीक्षा के लिए एक समिति का गठन किया गया। हालाँकि, इसके बाद भी राज्य में भाषा को लेकर विवाद जारी है।