शुक्रवार 4 जुलाई की सुबह मध्य प्रदेश के कटनी शहर की शुरुआत एक दिल दहला देने वाली घटना से हुई। शहर के प्रमुख उद्योगपति दर्शनलाल घई के बड़े बेटे अजय घई ने बीती रात अपने आवासीय परिसर में स्थित रेस्ट हाउस में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। सिर में गोली लगने की वजह से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि उस समय घर में परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे, लेकिन बंगला परिसर के दूसरे हिस्से में होने के कारण किसी ने आवाज नहीं सुनी। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तत्काल माधवनगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अजय गई ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव में थे। उन्होंने बताया कि घटना से पहले घर में झगड़ा हुआ था।
घटना के समय अजय के छोटे भाई और व्यवसायी मनीष गई घर पर मौजूद नहीं थे। मनीष ने फोन पर बताया कि वह व्यवसायिक कार्य से नागपुर गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही वह तत्काल कटनी लौटने के लिए रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि अजय माधवनगर गेट के पास स्थित अपने रेस्ट हाउस में गए और खुद को गोली मार ली। सुबह जैसे ही यह खबर शहर में फैली, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अजय गई शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते थे और उनकी असामयिक और दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों से आत्महत्या के कारणों के बारे में पूछताछ की जा रही है।