स्टोरी हाइलाइट्स
जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय में अजा वर्ग के व्यक्ति को अजजा वर्ग में पदोन्नति दिये जाने का घोटाला सामने आया है.....
मंत्रालय में पकड़ाया मामला,अब जारी हुआ नोटिस
डॉ. नवीन जोशी
भोपाल। जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय में अजा वर्ग के व्यक्ति को अजजा वर्ग में पदोन्नति दिये जाने का घोटाला सामने आया है। मंत्रालय स्तर पर इस घोटाले को पकड़ा गया तथा अब प्रमुख अभियंता कार्यालय के उस कर्मचारी को निशाना बनाया गया है जिसने पदोन्नति की यह नस्ती तैयार की थी और उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।
दरअसल डिप्लोमा धारी उपयंत्री सिविल सत्यप्रकाश सिंघाटिया को 14 दिसम्बर 2020 को अजजजा वर्ग में सहायक यंत्री सिविल के पद पर पदोन्नत कर दिया गया था। मंत्रालय में शासन स्तर पर जब इस मामले का परीक्षण किया गया तो पता चला कि सिंघाटिया अजा वर्ग के थे और उन्हें अजजा वर्ग में पदोन्नति देकर अनियमितता की गई।
इस पर शासन स्तर पर कार्यवाही के लिये प्रमुख अभियंता को मामला भेजा गया जिस पर अब प्रमुख अभियंता ने अपने कार्यालय में पदस्थ सहायक वर्ग-3 कर्मचारी कृष्ण मूर्ति को कारण बतायो बताओ नोटिस जारी कर दिया है तथा उससे पन्द्रह दिन के अंदर जवाब मांगा है कि क्यों उसने बिना परीक्षण किये पदोन्नति का त्रुटिपूर्ण प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया।
यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रमुख अभियंता कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों ने भी इस त्रुटिपूर्ण नस्ती का परीक्षण नहीं किया था तथा विभागीय पदोन्नति समिति में भी बड़े अधिकारियों ने भी इसे सही ढंग से परीक्षित नहीं किया जिसके कारण अजा वर्ग के व्यक्ति को अजजा वर्ग में पदोन्नति दे दी गई।
बिजनेस रुल्स में बदलाव : सिनेमा विषय अब नगरीय प्रशासन विभाग देखेगा.. डॉ. नवीन जोशी