लगातार छठी बार बढ़ी रेपो रेट, अब सभी लोन पर देनी होगी ज्यादा EMI 


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

अब रेपो रेट को 6.25%  से बढ़ाकर 6.50 प्रतिशत कर दिया है। आरबीआई ने लगातार छठी बार रेपो रेट में इजाफा किया है..!

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। अब रेपो रेट को 6.25%  से बढ़ाकर 6.50 प्रतिशत कर दिया है। आरबीआई ने लगातार छठी बार रेपो रेट में इजाफा किया है। इसके बाद होम लोन से लेकर ऑटो और पर्सनल लोन महंगे हो जाएंगे और ज्यादा EMI चुकानी होगी।

आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार सुबह ये एलान किया।  उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षो के दौरान वैश्विक परिस्थितियों के कारण दुनिया भर के बैंकों को ब्याज दरों में बढ़ोतरी का फैसला लेना पड़ा है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए ये कठिन फैसले जरूरी थे।

आरबीआई गवर्नर ने कहा कि वैश्विक आर्थिक परिदृश्य अब उतना गंभीर नहीं दिख रहा है जितना कुछ महीने पहले था, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में विकास की संभावनाओं में सुधार हुआ है, जबकि मुद्रास्फीति में गिरावट आई है। हालांकि मुद्रास्फीति अभी भी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है।

22 मई 2020 के बाद रेपो रेट में ये बदलाव हुआ था। इसके बाद 6 से 8 जून को हुई मीटिंग में रेपो रेट में 0.50% इजाफा किया। इससे रेपो रेट 4.40% से बढ़कर 4.90% हो गई। फिर अगस्त में इसे 0.50% बढ़ाया गया, जिससे ये 5.40% पर पहुंच गई। सितंबर में ब्याज दरें 5.90% हो गई। फिर दिसंबर में ब्याज दरें 6.25% पर पहुंच गई। अब ब्याज दरें 6.50% पर पहुंच गई है।