छिंदवाड़ा से बीजेपी सांसद विवेक बंटी साहू के पैर धोने का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने साधा निशाना


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

कांग्रेस प्रवक्ता पीयूष बबेले ने इस वीडियो को अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है..!!

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से बीजेपी सांसद विवेक बंटी साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ बीजेपी कार्यकर्ता उनके पैर धोते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पीयूष बबेले ने इस वीडियो को अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है।

वायरल वीडियो में बीजेपी सांसद विवेक बंटी साहू कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ कार्यकर्ता उनके पैर धो रहे हैं। घटना छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र में 3 जून 2025 को हुई, जब सांसद 54 किलोमीटर की पदयात्रा के दूसरे दिन नवेगांव के तलखमरा पहुंचे थे। भाजपा मंडल अध्यक्ष सोनू यादव ने अपने साथियों के साथ सांसद के पैर धोए। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। 

कांग्रेस प्रवक्ता पीयूष बबेले ने वीडियो शेयर कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा- 

भाजपा @BJP4MP वाले अब खुद को सीधे भगवान समझने लगे हैं। छिंदवाड़ा से भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू जनता को पैर धोने के लिए मना रहे हैं। भाजपा में अब ऐसे नेता भरे पड़े हैं जो जनता को जनता का सेवक नहीं, बल्कि गुलाम समझते हैं।

'सम्मान की परंपरा' वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष सोनू यादव ने सफाई दी। उन्होंने कहा, देश में पहली बार कोई सांसद 54 किलोमीटर चलकर जनता के बीच पहुंचा। मैं सांसद का सम्मान करना चाहता था, इसलिए मैंने उनके पैर धोए। सांसद ने मना भी किया, लेकिन मैंने जिद की। हमारे यहां मेहमानों के पैर धोने की परंपरा है। कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह ऐसे वीडियो पर राजनीति कर रही है।

यादव ने यह भी कहा कि यह उनका निजी फैसला है और सांसद का ऐसा करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कांग्रेस पर सस्ती लोकप्रियता के लिए झूठ फैलाने का आरोप लगाया। 

तिरुपति बालाजी तीर्थ यात्रा पर विवाद के बीच सांसद विवेक बंटी साहू से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन पता चला कि वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ तिरुपति बालाजी की धार्मिक यात्रा पर हैं। उनकी अनुपस्थिति में स्थानीय भाजपा नेताओं ने मामले को दबाने की कोशिश की। 

कांग्रेस ने वीडियो को भाजपा के अहंकार का प्रतीक बताया। पीयूष बाबेल के अलावा अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी इस मुद्दे को उठाया। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने कहा, 'यह वीडियो दिखाता है कि भाजपा नेता अब जनता को अपना गुलाम समझने लगे हैं। छिंदवाड़ा की जनता ने सांसद को भगवान बनने के लिए नहीं, बल्कि सेवा करने के लिए चुना है।भाजपा को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

'कांग्रेस ने इसे छिंदवाड़ा में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के अवसर के रूप में देखा। यह सीट लंबे समय तक पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का गढ़ रही, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में विवेक बंटी साहू ने नकुल नाथ को 1,13,618 मतों से हराकर भाजपा के लिए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।