प्रदेश के कई भागों में आज भारी वर्षा भी हुई। बस्तर के कई क्षेत्रों में वर्षा से निचली बस्तियाें में पानी भर गया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है. मानसून के प्रभाव से प्रदेश भर में विभिन्न क्षेत्रों में हुई हल्की फुहारों से भीषण गर्मी और रात में होने वाली उमस से बहुत राहत मिली है। दिन के अधिकतम तापमान के साथ ही रात के पारे में भी गिरावट आई है। मौसम का मिजाज बदलने व पारा गिरने से रात में तो ठंडी हवाएं चल रही है। बुधवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम का रुख इस प्रकार ही बना रहेगा।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में मंगलवार को सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए थे। राजधानी का अधिकतम तापमान मंगलवार को 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। इधर, प्रदेश के कई भागों में भारी वर्षा भी हुई। बस्तर के कई क्षेत्रों में वर्षा से निचली बस्तियाें में पानी भर गया है जिससे लोग परेशान हुए।
कहां कितनी हुई वर्षा
उसूर में 11 सेमी, बास्तानार 8 सेमी, कटेकल्याण-गीदम 7 सेमी, भानुप्रतापपुर 6 सेमी, दरभा-पेंड्रा-महासमुंद में 3—3 सेमी वर्षा दर्ज हुई है। इनके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि इन दिनों मानसूनी तंत्र के साथ ही द्रोणिका का प्रभाव बना हुआ है. इसके चलते प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके साथ ही बिजली भी गिर सकती है।