मप्र ने अगले वित्त वर्ष में केंद्र से कैम्पा फण्ड हेतु 2 हजार करोड़ रुपये मांगने का प्रस्ताव स्वीकृत किया


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

यह स्वीकृति राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में दी गई है..!!

भोपाल।मप्र सरकार ने अगले वित्त वर्ष 2026-27 में राज्य के वनों एवं वन्यप्राणियों के संवर्धन के लिये केंद्र के कैम्पा फण्ड से 2 हजार 25 करोड़ रुपये मांगने का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। यह स्वीकृति राज्य के मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में दी गई है। उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र से कैम्पा फण्ड से मप्र को 1443.63 करोड़ रुपये मिले हैं। स्वीकृत प्रस्ताव में क्षतिपूरक वनीकरण एवं प्रबंधन के लिये 390 करोड़ 96 लाख रुपये, कैचमेंट एरिया ट्रीटमेंट हेतु 50 करोड़ 71 लाख रुपये, वन्यजीव प्रबंधन हेतु 82 करोड़ रुपये, नेट प्रेजेन्ट वैल्यु से वनीकरण हेतु 1 हजार 3 करोड़ 92 लाख रुपये एवं अन्य कार्यों हेतु 497 करोड़ 44 लाख रुपये रखे गये हैं।

भोपाल में म्युजियम एवं जबलपुर में लैब बनेगी:

स्वीकृत प्रस्ताव में भोपाल में 2 करोड़ रुपयों की लागत से फारेस्ट म्युजियम बनाने एवं जबलपुर में 3 करोड़ रुपये की लागत से सायबर फोरेन्सिक लैब बनाने का भी प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, शिवपुरी जिले में स्थित माधव टाईर रिजर्व में अधोसंरचना विकास और वन्यजीव प्रबंधन हेतु 9 करोड़ 57 लाख रुपये और नौ फारेस्ट स्कूल एवं रेंजर कालेज के उन्नयन हेतु 15 करोड़ रुपये भी मंजूर किये गये हैं। उल्लेखनीय है कि कैम्पा राशि, वन भूमि के बदले जमा की गई वह धनराशि है जो वनीकरण, वन संरक्षण और वन्यजीव प्रबंधन जैसे कार्यों के लिए उपयोग की जाती है, जिसका उद्देश्य वन भूमि के डायवर्जन की भरपाई करना है। कैम्पा को क्षतिपूर्ति वनीकरण, कोष प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण कहा जाता है।