अगला वन बल प्रमुख कौन, 21 को होगा फैसला!


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

सीनियरिटी-कम -मेरिट के आधार पर एचयू खान लगभग तय..!!

भोपाल: जंगल महकमे का अगला वन बल प्रमुख कौन होगा, इसका फैसला 21 को तय हो जाएगा। सीनियरिटी-कम-मेरिट के आधार पर वन विकास निगम के प्रबंध संचालक एचयू खान का नाम सबसे टॉप पर है। खान के नाम पर मुहर लग सकती है।

मौजूदा वन बल प्रमुख वीएन अंबाड़े का कार्यकाल 28 फरवरी को पूरा हो रहा है। अंबाड़े के उत्तराधिकारी के चयन के लिए 21 फरवरी को दोपहर 12 बजे राज्य मंत्रालय में बैठक आहूत की गई है। बैठक मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में भारत सरकार के एक प्रतिनिधि मंडल के अलावा प्रमुख सचिव वन और मौजूदा वन बल प्रमुख अंबाडे मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। 

21 फरवरी को होने वाली बैठक में विभाग के अगले मुखिया का फैसला हो जाएगा। अभी तक विभाग की परंपरा और चयन का आधार वरिष्ठ कम मेरिट ही रहा है। सूत्रों का कहना है कि 1 मार्च को नये मुखिया के रूप में वन विकास निगम के एमडी एचयू खान कार्यभार संभाल सकते हैं। 

मप्र कैडर में खान 1989 बैच के आईएफएस अधिकारी हैं, जो मप्र कैडर में सबसे वरिष्ठ है। वैसे डीपीसी की बैठक में 1990 बैच के आईएफएस विभाष ठाकुर पीसीसीएफ अनुसंधान विस्तार के अलावा पीसीसीएफ वन्य प्राणी शुभ रंजन सेन, पीसीसीएफ वर्किंग प्लान क्षेत्रीय प्रदीप वासुदेव, पीसीसीएफ विकास पुरुषोत्तम धीमान, लघु वनोपज संघ की एमडी समिता राजौरा और विवादों की सुर्खियों में रहने वाले पीसीसीएफ कैम्पा मनोज अग्रवाल के नाम भी चर्चा की सूची में शामिल है।