विदिशा समेत दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी चयन का मामला भाजपा में अभी तक अटका हुआ है। अब जल्द ही विदिशा के साथ गुना विधानसभा के लिए भी उम्मीदवार के नाम की घोषणा होने की संभावना है। इस बीच विदिशा में बांसुरी स्वराज के नाम की अटकलें जोरों पर हैं।
बताया जा रहा है कि लोकसभा में विपक्ष की पूर्व नेता और विदिशा से दो बार की सांसद सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को सक्रिय राजनीति में लाने के लिए विदिशा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा रोक दी गई थी। विदिशा लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा वोटों से जीतने का रिकॉर्ड भी सुषमा स्वराज के नाम है।
उनकी बेटी बांसुरी स्वराज दिल्ली बीजेपी में लॉ सेल की सह-संयोजक हैं। बीजेपी ने पिछले चुनाव में विदिशा जिले की शमशाबाद और बासौदा सीट पर महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। दोनों चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची थीं, लेकिन इस बार बीजेपी ने दोनों महिला विधायकों का टिकट काट दिया है।
बांसुरी के अलावा विदिशा सीट से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तोरण सिंह दांगी, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा और पूर्व विदिशा नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति शाह भी टिकट की दौड़ में हैं।