MP Weather Update: राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर और धार समेत 30 से ज़्यादा जगहों पर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 17 जिलों में बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी जारी की है। तापमान में गिरावट के कारण नई शीतलहर आ गई है। 17 जिलों में बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर, सागर, रीवा और आसपास के जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। हवाएं 30 से 40 kmph की स्पीड से चलेंगी और कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है। 22 फरवरी से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने की संभावना है, जिससे मौसम में एक और बदलाव आ सकता है।
पिछले 24 से 48 घंटों में, राज्य के 25 जिलों के करीब 80 शहरों और कस्बों में भारी बारिश और ओले पड़े, जिससे आम ज़िंदगी अस्त-व्यस्त हो गई।
राजधानी भोपाल में गुरुवार 19 फरवरी को देर रात बारिश हुई शुक्रवार 20 फरवरी को भी राजधानी में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं पर भोपाल में बूंदाबांदी भी हो रही है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है।
उज्जैन डिवीज़न सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ। घटिया, महिदपुर और उन्हेल जैसे ग्रामीण इलाकों में ओले और तेज़ हवाओं की वजह से खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं।
अनाज को भारी नुकसान हुआ, जिससे किसान निराश हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए, प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में नुकसान का अंदाज़ा लगाने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है।

बात करें इंदौर की तो यहां 7.3 mm बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार 19 फरवरी को देर रात शहर में बारिश हुई, जो पिछले 10 सालों में फरवरी में सबसे ज़्यादा है। 2015 में फरवरी में सिर्फ़ 1.8 mm बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इंदौर में 24 घंटे से मौसम काफी बदला हुआ है। गुरुवार को दिन के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट आई और रात का तापमान एक डिग्री कम रहने के साथ बारिश भी हुई। शुक्रवार सुबह से मौसम काफी ठंडा है और मावठा गिरा है। इसका असर जनजीवन पर भी पड़ा है। पीथमपुर में भी रात को हल्की बारिश हुई। इससे ठंड बढ़ गई।
बारिश के बाद गुरुवार को मैक्सिमम टेम्परेचर 31.2 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 28.6 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो 2.6 डिग्री की गिरावट है। मिनिमम टेम्परेचर 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो नॉर्मल से 3 डिग्री ज़्यादा है। सुबह 33 kmph की स्पीड से हवा चली, जिससे हल्की ठंड महसूस हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में एक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश से अरब सागर तक एक ट्रफ लाइन बन गई है। इसकी वजह से नमी वाली हवाएं राज्य में आ रही हैं, जिससे ज़्यादातर हिस्सों में बारिश हो रही है। अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।
रतलाम जिले में दिन और रात के तापमान में कमी आई है। शुक्रवार को तापमान 25 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। दोपहर में गर्मी रहेगी, जबकि सुबह और शाम को ठंड रहेगी।
छतरपुर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 14.0°C दर्ज किया गया। सुबह से आसमान में बादल और कोहरा छाया रहा। 9:30 बजे तक सूरज नहीं निकला। रात में बूंदाबांदी हुई, जिसके असर से ठंड बढ़ी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 26-27°C रह सकता है। नमी 87% और विजिबिलिटी 2000 मीटर दर्ज की गई। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, अगले दिनों में तापमान बढ़ने के आसार हैं।
पुराण डेस्क