शाह के खिलाफ बयान, ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरा बयान देने का आरोप है, केस उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है..!!

ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की गई है। उनके खिलाफ बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धमकी भरा बयान देने का आरोप है। केस उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार ने 5 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। चुनाव नतीजे घोषित होने के एक दिन बाद यह शिकायत बागुईआटी पुलिस स्टेशन में दी गई थी। इसमें 27 अप्रैल से 3 मई के बीच अभिषेक के कई चुनावी भाषणों का जिक्र किया गया है। इनके वीडियो लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं।

अभिषेक ने शाह के घुसपैठ वाले आरोप पर जवाब देते हुए कहा था कि अगर घुसपैठ हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी अमित शाह की है। सीमा सुरक्षा बीएसफ और गृह मंत्रालय के अधीन है, राज्य सरकार के नहीं।

वहीं पूर्व मेदिनीपुर के भगवानपुर की रैली में उन्होंने कहा था कि अमित शाह को चैलेंज करता हूं, अगर दम है तो 4 मई को कोलकाता में रहिएगा। 12 बजे के बाद मुलाकात होगी। 4 मई को पता चलेगा कि आप कितने बड़े गुंडे हैं। खेला तुम लोगों ने शुरू किया है, बाकी टीएमसी करेगी।