नौतपा से पहले ही पारा 48 डिग्री पार, एमपी के 7 जिलों में हीटवेव का अलर्ट


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

तापमान के लिहाज से 20 मई को बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा, बांदा के 48 डिग्री से ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4 डिगी और सऊदी अरब के अराफात में 48.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, दुनिया भर में सबसे ज्यादा तापमान की लिस्ट में खजुराहो 47.4 डिगी के साथ चौथे नंबर पर रहा..!!

25 मई से नौतपा शुरू हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही तापमान 48 डिग्री पहुंच गया है। यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड हुआ। तापमान के लिहाज से 20 मई को बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। बांदा से ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4 डिगी और सऊदी अरब के अराफात में 48.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दुनिया भर में सबसे ज्यादा तापमान की लिस्ट में खजुराहो 47.4 डिग्री के साथ चौथे नंबर पर रहा।

वहीं मध्यप्रदेश में गर्मी अपने पीक पर है। खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया, राजगढ़ समेत कई शहर भट्टी  की तरह तप रहे। बुधवार को प्रदेश के 16 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार रहा। खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 47.4 डिग्री पहुंच गया। यह देश का दूसरा और दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, मई में पहली बार खजुराहो इतना तपा है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम केंद्र भोपाल ने गुरुवार को पूरे प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट है। गुरुवार को जिन जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट है, उनमें भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना शामिल हैं। इन शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री या इससे ज्यादा रह सकता है।

वहीं भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ में तीव्र लू का आॅरेंज अलर्ट है।

मौसम विभाग ने बुधवार को इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, आलीराजपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, देवास, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, आलीराजपुर, नर्मदापुरम, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया और शहडोल में लू का येलो अलर्ट भी जारी किया है। यहां पारा 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।