रायसेन जिले के मंडीदीप स्थित गेल फैक्ट्री में बुधवार सुबह सीएनजी गैस का गंभीर रिसाव हो गया। यह रिसाव लेवल-3 श्रेणी का था, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव को बंद किया गया।
गैस रिसाव की सूचना सुबह करीब पांच बजे मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए राजमार्ग सहित क्षेत्र की आंतरिक सड़कों पर यातायात तुरंत बंद कर दिया।
उल्लेखनीय है कि जहां गैस प्लांट स्थित है, उसके ठीक बगल में एक सरकारी अस्पताल भी है। यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इतनी संवेदनशील इकाई को अस्पताल के इतने नजदीक स्थापित करने की अनुमति कैसे दी गई।
यदि समय रहते गैस रिसाव को रोका नहीं जाता तो यह बड़ी आपदा बन सकती थी। राहत की बात यह रही कि प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया। गैस रिसाव बंद होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।