मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस विधायक डॉ. गोविंद सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला बोला है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ‘गांधीजी की हत्या में गोडसे ने जिस रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया वह ग्वालियर स्टेट की थी। ये रिवॉल्वर उस तक कैसे पहुंची, उसे किसने दी? देश की जनता इसका जवाब चाहती है।’
ज्योतिरादित्य सिंधिया के BJP में जाने के बाद कांग्रेस के लिए चुनौती पर डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि सिंधिया को मीडिया वाले ही महत्व देते हैं। जनता में उनका प्रभाव नहीं है. अगर प्रभाव होता तो वे गुना से केपी यादव (बीजेपी सांसद) से सवा लाख वोट के अंतर से क्यों हार गए? 2013 के विधानसभा चुनाव में उनके संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस 8 सीटें क्यों हार गई थी? डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि सिंधिया के जाने से कांग्रेस में सफाई हो गई।
डॉ. गोविंद सिंह से सवाल किया गया कि क्या वजह थी कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस छोड़नी पड़ी? उनके समर्थकों का कहना है कमलनाथ सरकार में उनकी उपेक्षा हुई। इस पर डॉ. गोविंद सिंह ने कहा: मैं तो मानता हूं कि सिंधियाजी का यह खानदानी दोष है। 1857 में महारानी लक्ष्मीबाई आजादी जब आंदोलन कर रही थीं उस समय सिंधिया खानदान ने साथ नहीं दिया अन्यथा देश 90 साल पहले ही आजाद हो जाता। सिंधिया खानदान ने उस वक्त अंग्रेजों का साथ दिया। यह इतिहास है। उन्होंने आगे कहा कि ज्योतिरादित्य के पिता माधवरावजी सिंधिया पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। उन्होंने बाद में विकास कांग्रेस भी बनाई थी।
डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा: गांधीजी की हत्या जिस रिवॉल्वर से हुई, वह ग्वालियर स्टेट की क्यों थी? वह रिवॉल्वर हत्यारे तक कैसे पहुंची, उसे किसने दी? देश की जनता इसका जवाब चाहती है।