ऋषिकेश में हादसा, उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

रेलवे सूत्रों के मुताबिक शंटिंग लाइन के अंत में लगे बफर (डेड एंड) से इंजन टकरा गया, जिसके बाद डिब्बों पर दबाव बढ़ गया, इससे एक बोगी ट्रैक से बाहर निकल गई, जबकि दूसरी बीच से मुड़ गई..!!

ऋषिकेश में सोमवार रात शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे सूत्रों के मुताबिक शंटिंग लाइन के अंत में लगे बफर (डेड एंड) से इंजन टकरा गया, जिसके बाद डिब्बों पर दबाव बढ़ गया। इससे एक बोगी ट्रैक से बाहर निकल गई, जबकि दूसरी बीच से मुड़ गई। 

हादसे के दौरान जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना के बाद रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक ट्रैक दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का काम चलता रहा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक उज्जैनी एक्सप्रेस सोमवार शाम करीब 6 बजे योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को मंगलवार सुबह 6:15 बजे वापस रवाना होना था। इसी वजह से रात करीब 9:42 बजे ट्रेन को प्लेटफॉर्म से खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।

 रेलवे सूत्रों के मुताबिक शंटिंग लाइन के अंत में लगे बफर (डेड एंड) से इंजन टकरा गया। इसके बाद पूरी ट्रेन झटके के साथ रुकी और डिब्बों पर दबाव बढ़ गया। दबाव ज्यादा होने से एक बोगी ट्रैक से बाहर निकल गई, जबकि दूसरी बीच से मुड़ गई। हादसे में ट्रेन की तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हुई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शंटिंग के दौरान अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। डिब्बों को तेज झटका लगा और वे पास की दीवार से टकरा गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। घटनास्थल के पास मकान होने के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और पुलिस ने ट्रैक के आसपास का इलाका खाली कराया।

गौरतलब  है कि उज्जैनी एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के इंदौर को हरिद्वार, योगनगरी ऋषिकेश और देहरादून से जोड़ने वाली अहम ट्रेन है। यह सप्ताह में दो दिन गुरुवार और रविवार को संचालित होती है। इंदौर से दोपहर करीब 3:25 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम करीब 6:45 बजे योगनगरी ऋषिकेश पहुंचती है। वहीं ऋषिकेश से सुबह करीब 6:15 बजे वापसी के लिए रवाना होती है। इसे उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवाओं में शामिल माना जाता है।