देश भर में 7 दिन हीटवेव, एमपी के 22 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री के करीब और उससे ज्यादा पहुंच चुका है, 24 मई तक सभी राज्यों में हीटवेव का असर रहेगा। रातें भी गर्म रहेंगी..!!

उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में इस हफ्ते तेज गर्मी जारी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री के करीब और उससे ज्यादा पहुंच चुका है। 24 मई तक सभी राज्यों में हीटवेव का असर रहेगा। रातें भी गर्म रहेंगी।

सोमवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र में पारा 46 डिग्री से भी ज्यादा रहा। देश में सबसे गर्म उत्तर प्रदेश का बांदा रहा, यहां तापमान 47.6 डिगी रहा। स्काईमेट के मुताबिक पूर्वोत्तर और दक्षिणी इलाकों को छोड़कर लगभग आधे देश में हीटवेव का असर रहेगा। औसत तापमान 45 डिग्री रह रह सकता है।

मध्य प्रदेश में जैसे आग बरस रही है। सोमवार को पूरा प्रदेश तप गया। छतरपुर के खजुराहो में पारा रिकॉर्ड 46.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि नौगांव में 46 डिग्री रहा। प्रदेश के 22 शहर ऐसे रहे, जहां सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 44 डिग्री या इससे अधिक रहा। भोपाल में तापमान 44 डिग्री रहा। इससे यहां सड़कें पिघल गईं।

मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन में मई में पहली बार सोमवार को पूरा मध्य प्रदेश तपा। खजुराहो में इतिहास का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इंदौर में 44.3 डिग्री, ग्वालियर में 43.7 डिग्री, उज्जैन में 44 डिग्री और जबलपुर में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में पिछले साल से भी ज्यादा गर्मी रही।

एक ही जिले के 2 शहर सबसे ज्यादा गर्म

प्रदेश में सोमवार को छतरपुर जिले के 2 शहर खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे। नौगांव में अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 45.5 डिग्री, रतलाम में 45.4 डिग्री, खंडवा में 45.1 डिग्री, शाजापुर, श्योपुर-मुरैना में 45 डिग्री, दमोह-सतना में 44.8 डिग्री, सागर में 44.7 डिग्री, गुना-रीवा में 44.5 डिग्री, रायसेन में 44.4 डिग्री, खरगोन में 44.2 डिग्री, धार में 44.1 डिग्री, टीकमगढ़ और मंडला में 44 डिग्री रहा। कटऊ (मौसम केंद्र) की माने तो अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी।