बंगाल में चक्रवात 'रेमल' का कहर, कोलकाता समेत कई शहरों में भारी बारिश


Image Credit : X

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात 'रेमल' रविवार आधी रात को तट से टकराया। इसे लेकर प्रदेश भर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। कोलकाता एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है। साथ ही बंगाल राज्य के तटीय इलाकों में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 12 टीमें तैनात की गई हैं। नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल भी अलर्ट पर हैं।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, चक्रवात (Cyclone Ramal) के दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप और बांग्लादेश के खेउपारा के बीच तटीय इलाकों से गुजरने का अनुमान है। इसके प्रभाव से बंगाल के विभिन्न जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। 110 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

रविवार सुबह से ही कोलकाता समेत बंगाल के विभिन्न जिलों में आसमान में बादल छाए और तेज हवाएं चल रही हैं। बीच-बीच में बारिश भी हो रही है। चक्रवात को लेकर राज्य सचिवालय नबन्ना में एक नियंत्रण कक्ष खोला गया है।

राहत सामग्री, आवश्यक दवाएं और अन्य सभी आवश्यक वस्तुओं का भंडारण कर लिया गया है। प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त संख्या में राहत शिविरों की भी व्यवस्था की गई है। समुद्र में मछुआरों को पहले ही 27 मई तक न जाने की सलाह दी गई है और वहां मौजूद मछुआरों को तुरंत वापस लौटने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार को बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। बंगाल के दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों जिलों में भारी नुकसान होने की आशंका है।