प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर भारत सरकार के टैक्स-सैस लगाने की खबरों को गलत बताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा- यह पूरी तरह से गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने लिखा कि विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदियां लगाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता। हम अपने लोगों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और ईज ऑफ लिविंगको बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
मोदी का यह पोस्ट उन मीडिया रिपोर्ट्स पर आया, जिनमें दावा किया गया कि भारत सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सेस/सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। इसके लिए हाईलेवल पर चर्चा हो रही है।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने लगातार दो दिन तक विदेश यात्रा न करने, ईंधन कम उपयोग की अपील की थी। वडोदरा में पीएम मोदी ने कहा था कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें जहां संभव हो पेट्रोल डीजल का उपयोग कम करें और मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें।
उन्होंने कहा था कि विदेश में रहने वाले भारतीयों से कहूंगा कि विदेश यात्रा से बचें। कम से कम पांच विदेशी मेहमानों को भारत घुमाने लाइए। सोने के आयात पर भी देश का बहुत बड़ा पैसा विदेश जाता है। जब तक हालात सामान्य न हों, हम सोने की खरीद टालें। गोल्ड की जरूरत नहीं है।
वहीं नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने 18 मई से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क में 50% छूट देने का ऐलान किया है। यह कदम ग्रीन मोबिलिटी और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। यह सुविधा एनडीएमसी के सभी पार्किंग स्थलों पर लागू होगी।
इसके साथ ही एनडीएमसी कर्मचारियों के लिए फ्री शटल बस सेवा भी शुरू कर दी गई है, जो तय समय पर उनके घरों से दफ्तर तक चलेगी। यह सेवा पालिका आवास सरोजिनी नगर, पालिका ग्राम लक्ष्मीबाई नगर, अमृत काल निवास जोर बाग रोड और बापू धाम फ्लैट्स चाणक्यपुरी से चलाई जाएंगी।
पुराण डेस्क