अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पत्रकार पर नाराजगी जताई। ट्रम्प ने रिपोर्टर को झूठा बताया और उसकी रिपोर्टिंग को देशद्रोह जैसा करार दिया। ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान में पूरी तरह सैन्य जीत हासिल की है और यह बात सभी मानते हैं। उन्होंने कहा, सिर्फ आप जैसे लोग ही सच नहीं लिखते।
इसके बाद ट्रम्प ने पत्रकार पर तंज करते हुए कहा, मुझे लगता है कि जिस तरह आप लिखते हैं, वह देशद्रोह जैसा है। आपके एडिटर आपको जो लिखने को कहते हैं, आप वही लिखते हैं। आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए।
दरअसल द न्यूयॉर्क टाइम्स के रिपोर्टर डेविड सेंगर ने पूछा था कि अगर अमेरिका ने ईरान के खिलाफ पूरी सैन्य जीत हासिल कर ली है, तो फिर अमेरिका ने अपने पॉलिटिकल टारगेट क्यों अचीव नहीं किए और हमला अभी भी क्यों जारी है।
वहीं ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान 20 साल के लिए अपना परमाणु कार्यक्रम रोकने को तैयार हो, तो यह अमेरिका को मंजूर हो सकता है। इसे ईरान पर उनके पहले के सख्त रुख से बदलाव माना जा रहा है। बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि 20 साल काफी हैं, लेकिन यह असली 20 साल होने चाहिए।
पहले ट्रम्प लगातार मांग करते रहे थे कि ईरान स्थायी रूप से यूरेनियम संवर्धन बंद करे और कभी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। यूरेनियम संवर्धन को परमाणु हथियार बनाने की दिशा में अहम चरण माना जाता है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अप्रैल में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई बातचीत के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के 5 साल के प्रस्ताव के जवाब में कम से कम 20 साल की रोक की मांग रखी थी।
पुराण डेस्क