IPL 2026:  लखनऊ ने बिगाड़ा चेन्नई का खेल, केकेआर के लिए आज ‘करो या मरो’


Image Credit : x

स्टोरी हाइलाइट्स

इकाना स्टेडियम में लखनऊ ने 188 रन का टारगेट 16.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया..!!

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में लखनऊ ने 188 रन का टारगेट 16.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 187 रन बनाए थे।

चेन्नई लगातार तीन मैच जीतने के बाद हारी है। चेन्नई के 12 मैचों से 12 अंक हैं। टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। प्लेआॅफ में पहुंचने के लिए चेन्नई को बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे। लखनऊ के अब 12 मैचों से आठ अंक हैं। प्लेआॅफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम 10वें स्थान पर है।

एलएसजी की जीत के हीरो मिचेल मार्श रहे, जिन्होंने 38 गेंदों में 90 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं जोस इंग्लिस ने 36 रन बनाकर 135 रन की शानदार ओपनिंग साझेदारी निभाई। आखिर में निकोलस पूरन 17 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 17वें ओवर में अंशुल कंबोज को लगातार चार चौके जड़े। 

चेन्नई की ओर से मुकेश चौधरी और स्पेंसर जॉनसन को 1-1 विकेट मिला, लेकिन गेंदबाज लखनऊ के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। खासकर अंशुल कंबोज काफी महंगे साबित हुए और 2.4 ओवर में 63 रन लुटा बैठे।

गुजरात की निगाहें टॉप पर 

लीग का  60वां मैच आज कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। मुकाबला ईडन गार्डन्स में शाम 7.30 बजे शुरू होगा। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए कोलकाता को हर हाल में जीत चाहिए। वहीं, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस की नजरें जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह पक्की करने पर हैं।